ऋतुराज गायकवाड़ इस चीज से हैरान, RCB से मिली हार के बाद बोले: 13-14 ओवर तक मैच हमारे हाथों में था
सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ इस चीज से हैरान है कि 251 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए चेन्नई की खराब शुरुआत के बावजूद टीम अंत में 200 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही।

5 बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल में ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में लगातार 7वीं हार का सामना रविवार, 5 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करना पड़ा। आईपीएल 2026 में यह सीएसकी की लगातार तीसरी हार है, इससे पहले पिछले सीजन भी चेन्नई को गायकवाड़ की कप्तानी में चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा था। आरसीबी के खिलाफ मिली हार की जिम्मेदारी कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने ली। गायकवाड़ का कहना है कि टॉप ऑर्डर में इतनी खराब बल्लेबाजी के बावजूद सीएसके 200 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही, वह यह देखकर काफी हैरान है। इसके अलावा उन्होंने मैच के अलग-अलग पहलुओं के बारे में भी बात की जिसकी वजह से सीएसके को 43 रनों से यह हार मिली।
ऋतुराज गायकवाड़ ने ली हार की जिम्मेदारी
ऋतुराज गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, “सच कहूं तो मैं हैरान हूं (सीएसके के 200 रन बनाने पर)। सरफराज, ओवरटन, वीर और कुछ हद तक दुबे द्वारा शानदार लड़ाई लड़ी। अगर मैंने और योगदान दिया होता तो शायद बात कुछ और होती। आज की हार मेरी वजह से मिली।”
टिम डेविड को किया सलाम
टिम डेविड की पारी के बारे में सीएसके कप्तान ने कहा, "अंशुल कंबोज ने लगभग उनका विकेट ले लिया था, मगर वह अवैध डिलीवरी थी। उसके बाद तो उन्होंने पूरे मैदान पर तबाही मचा दी। सच में उन्हें सलाम।"
विराट कोहली का विकेट ना मिलने पर अफसोस
पावरप्ले में खराब फील्डिंग पर गायकवाड़ ने निराशा जताते हुए कहा, "अगर हमें विकेट मिले होते, हमने विराट कोहली का विकेट हासिल किया होता तो हमारे पास मोमेंटम होता। 13-14 ओवर तक मैच हमारे हाथों में था।"
CSK ने लगाई हार की हैट्रिक
251 रनों के टारगेट का पीछा करते हुए सीएसके की बल्लेबाज एकबार फिर एक्सपोज हुई। ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने एक बार फिर निराश किया। सरफराज खान ने जरूर दमदार पारी खेली, मगर वह सीएसके की जीत के लिए काफी नहीं थी। 14.20 करोड़ के प्रशांत वीर ने 29 गेंदों पर 43 तो जेमी ओवरटन ने 37 रनों की पारी खेली। सीएसके पूरे 20 ओवर भी बैटिंग नहीं कर पाई। 19.4 ओवर में आरसीबी ने उन्हें 207 रनों पर ढेर कर, 43 रनों से मैच को अपने नाम किया। भुवनेश्वर कुमार ने सबसे अधिक 4 विकेट चटकाए।
इससे पहले आरसीबी के लिए टिम डेविड और देवदत्त पडिक्कल ने अर्धशतक जड़े थे, जिसके दम पर आरसीबी 250 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी। टिम डेविड ने 25 गेंदों पर तीन चौकों और 8 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 70 रनों की नाबाद पारी खेली। उन्हें इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।





साइन इन