1 लाख सैलरी वाला 16 साल में जितना कमाएगा उतना तो CSK को प्रशांत वीर-कार्तिक शर्मा से 1 दिन में घाटा हो गया!
मिनी नीलामी में CSK ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को 14.2-14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। दोनों पर फ्रेंचाइजी ने कुल 28.4 करोड़ रुपये खर्चे। हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स के इम्पैक्ट स्कोर मॉडल के मुताबिक सिर्फ इन दोनों खिलाड़ियों से CSK को अब तक हर मैच में औसतन 1.98 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स एक अदद जीत के लिए तरस रही है। टीम ने अब तक 3 मैच खेले हैं और जीत का खाता खोलना अभी बाकी है। टीम के कुछ फैसले भी क्रिकेटप्रेमियों की समझ से परे हैं जैसे ऑलराउंडर प्रशांत वीर से बिल्कुल भी गेंदबाजी नहीं कराना। मिनी नीलामी में सीएसके ने प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को 14.2-14.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। दोनों पर फ्रेंचाइजी ने कुल 28.4 करोड़ रुपये खर्चे। हमारे सहयोगी हिंदुस्तान टाइम्स के इम्पैक्ट स्कोर मॉडल के मुताबिक सिर्फ इन दोनों खिलाड़ियों से सीएसके को अब तक हर मैच में औसतन 1.98 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। दूसरी तरफ फ्रेंचाइजी ने सरफराज खान को सिर्फ 75 लाख में खरीदा था लेकिन वह खुद को मिले मूल्य से कई गुना ज्यादा का परफॉर्मेंस दे रहे हैं।
हिंदुस्तान टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में इम्पैक्ट स्कोर की गणना कैसे हुई, इसका गणित नहीं समझाया है। एचटी ने अपने इम्पैक्ट स्कोर मॉडल के हिसाब से इन खिलाड़ियों के मूल्य और आरसीबी के खिलाफ मैच में उनके प्रदर्शन के आधार पर इम्पैक्ट स्कोर का जिक्र किया है।
कीमत और इम्पैक्ट स्कोर
रिपोर्ट के मुताबिक प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा दोनों का मिलाकर कुल इम्पैक्ट स्कोर 48.17 रहा। दूसरी तरफ अकेले सरफराज खान का इम्पैक्ट स्कोर 56.87 है।
लीग स्टेज में सभी टीमें 14-14 मैच खेलेंगी। इस लिहाज से प्रशांत और कार्तिक पर सीएसके का हर मैच में औसतन 2.03 करोड़ रुपये लगा है। एचटी ने अपने इम्पैक्ट स्कोर मॉडल का जिक्र करके बताया है कि प्रशांत और कार्तिक का आरसीबी के खिलाफ मैच में सम्मिलित प्रदर्शन करीब 4.54 लाख रुपये का ही रहा। इसका मतलब है कि सिर्फ इसी मैच से सीएसके को मोटे तौर पर 1.98 करोड़ रुपये के करीब 'काल्पनिक घाटा' हुआ।
हर दिन 5 हजार खर्च करें तो 1.98 करोड़ खत्म होने में लगेंगे 11 साल
प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा से सिर्फ मैच में सीएसके को जितना घाटा हुआ है, उससे कोई कंपनी किसी शख्स को साढ़े 16 साल तक हर महीने 1 लाख रुपये सैलरी दे सकती है। हर महीने एक लाख रुपये के हिसाब से कोई व्यक्ति 16 साल में सिर्फ 1.92 करोड़ रुपये ही कमा पाएगा। अगर किसी लग्जरी फ्लैट का 40 हजार रुपये किराया हो तो आप इस पैसे से 41 साल तक किराया भर सकते हैं। सिर्फ एक मैच से सीएसके को जो ये 'घाटा' हुआ है, उससे करीब 28 से 30 मारुति स्विफ्ट कार खरीदी जा सकती है यानी एक छोटी-मोटी ट्रांसपोर्ट कंपनी खोली जा सकती है। ये रकम इतनी है कि अगर कोई शख्स रोज 5 हजार रुपये खर्च करे तो इसे खत्म करने में करीब 11 साल लग जाएंगे।
सरफराज खान का प्रदर्शन अपनी कीमत से 38 गुना ज्यादा!
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक आरसीबी के खिलाफ मैच में प्रशांत वीर का इम्पैक्ट स्कोर 48.17 था और कार्तिक शर्मा का शून्य। सीएसके ने सरफराज खान को 75 लाख रुपये में खरीदा था जिसका मतलब है कि लीग चरण के हर मैच में टीम का उन पर औसतन 5.36 लाख रुपये लगा है। उन्होंने सिर्फ 25 गेंद में 50 रन ठोके। एचटी के मॉडल के हिसाब से सरफराज खान ने खुद को मिली कीमत से 38 गुना से भी ज्यादा का प्रदर्शन किया है।
आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबल में सीएसके सबसे नीचे दसवें नंबर पर है। फिलहाल दिल्ली कैपिटल्स के समीर रिजवी के पास ऑरेंज कैप और राजस्थान रॉयल्स के रवि बिश्नोई के सिर पर पर्पल कैप है।





साइन इन