21 साल के अजान अवैस ने डेब्यू मैच में बांग्लादेश के खिलाफ शतक जड़ कर दिया कमाल, ऐसा करने वाले मात्र तीसरे पाकिस्तानी
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में शतक जड़ा। 21 साल के अजान अवैस घर के बाहर डेब्यू मैच में शतक जड़ने वाले मात्र तीसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी बने हैं।

बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला ढाका के शेरे बांग्ला राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में पाकिस्तान क युवा सलामी बल्लेबाज अजान अवैस ने डेब्यू मैच में शतक जड़ कमाल कर दिया है। अजान अवैस अभी मात्र 21 साल के ही हैं। बांग्लादेश के खिलाफ अजान अवैस ने 165 गेंदों पर 14 चौकों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। उनका विकेट तस्कीन अहमद ने मैच के तीसरे दिन लिया। बता दें, बांग्लादेश ने इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए कप्तान नजमुल होसैन शांतो के शतक के दम पर 413 रन बोर्ड पर लगाए थे।
पाकिस्तान की पारी का आगाज अजान अवैस ने अनुभवी इमाम उल हक के साथ मिलकर किया। पहले विकेट के लिए दोनों के बीच शतकीय साझेदारी हुई। मेहदी हसन मिराज ने इमाम उल हक को 45 के निजी स्कोर पर LBW आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
अजान अवैस का साथ देने नंबर-3 पर एक और डेब्यूटेंट अब्दुल्ला फजल आए और दूसरे विकेट के लिए भी इन दोनों ने शतकीय साझेदारी की। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में डेब्यू करने वाली जोड़ी की यह सिर्फ 14वीं सेंचुरी पार्टनरशिप है। इस दौरान अजान अवैस ने अपना शतक भी पूरा किया।
अजान अवैस पाकिस्तान के लिए डेब्यू टेस्ट में घर के बाहर शतक जड़ने वाले मात्र तीसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी बने। उनसे पहले फवाद आलम श्रीलंका में तो उमर अकमल न्यूजीलैंड में डेब्यू मैच में सेंचुरी लगा चुके हैं।
168: फवाद आलम बनाम SL, कोलंबो (2009)
129: उमर अकमल बनाम NZ, डुनेडिन (2009)
103: अजान अवैस बनाम BAN, मीरपुर (2026)*
210 के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका अजान अवैस के रूप में लगा, जिन्हें तस्कीन अहमद ने आउट किया। अजान अवैस के आउट होते ही विकेट की झड़ी लग गए। 210 पर 1 से पाकिस्तान का स्कोर कुछ दर में 230 पर पांच हो गया।
तीसरे दिन लंच ब्रेक तक पाकिस्तान ने 5 विकेट के नुकसान पर 251 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं। सलमान आगा और मोहम्मद रिजवान क्रीज पर मौजूद है। पाकिस्तान अभी भी बांग्लादेश से 162 रन पीछे है।
पाकिस्तान और बांग्लादेश की XI
बांग्लादेश- महमूदुल हसन जॉय, शादमान इस्लाम, मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), मुशफिकुर रहीम, लिटन दास (विकेट कीपर), मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, नाहिद राणा, एबादत हुसैन
पाकिस्तान- इमाम-उल-हक, अज़ान अवैस, अब्दुल्ला फजल, शान मसूद (कप्तान), सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान (विकेट कीपर), सलमान आगा, शाहीन अफरीदी, नोमान अली, हसन अली, मोहम्मद अब्बास





साइन इन