टीम से ड्रॉप किए जाने पर गुस्सा थे अक्षर पटेल, कप्तान सूर्या ने माफी मांगकर कुछ यूं मनाया था
उप कप्तान अक्षर पटेल को टी-20 विश्व कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 के मुकाबले में टीम से बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को खिलाया गया था। कप्तान के इस निर्णय पर अक्षर गुस्सा हुए थे। सूर्यकुमार यादव ने माफी मांगकर मनाया था।

भारतीय टीम ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया है। 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी से शुरू हुआ जीत का यह सिलसिला 2024 में रोहित शर्मा से होते हुए अब सूर्यकुमार यादव तक पहुंचा है। उन्होंने भारत को टी-20 विश्व कप 2026 में खिताबी जीत दिलाई है। 8 मार्च को विश्व चैंपियन बनने के बाद भारतीय टीम ने इस जीत का जश्न मनाया। इसके बाद खिलाड़ी अपने-अपने घर को रवाना हुए। विश्व कप में मिली खिताबी जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के लगातार इंटरव्यू सामने आ रहे हैं। इसी सिलसिले में इंटरव्यू के दौरान उनके द्वारा दिया गया एक बयान काफी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अक्षर पटेल को टीम से ड्रॉप करने के बाद बापू की क्या प्रतिक्रिया थी, इसके बारे में बताया है। अक्षर पटेल तब गुस्सा हुए थे और उस दौरान कप्तान ने अक्षर से व्यक्तिगत तौर पर जाकर माफी मांगी थी।
सूर्यकुमार यादव ने अक्षर पटेल से मांगी माफी
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने स्वीकार किया कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के एक महत्वपूर्ण मैच में अक्षर पटेल को टीम से बाहर रखना उनकी गलती थी। कप्तान ने बताया कि अक्षर इस फैसले से स्वाभाविक रूप से नाराज थे, जिसके चलते उन्होंने मैच के बाद ऑलराउंडर से व्यक्तिगत रूप से माफी मांगी। बता दें कि यह फैसला अहमदाबाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत के सुपर 8 मुकाबले के दौरान लिया गया, जो टूर्नामेंट में भारत की एकमात्र हार साबित हुई। इससे पहले अक्षर मामूली चोट के कारण नीदरलैंड के खिलाफ ग्रुप स्टेज का मैच नहीं खेल पाए थे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्हें टीम से बाहर रखना एक रणनीतिक निर्णय था, क्योंकि उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को टीम में शामिल किया गया था।
उनका गुस्सा करना स्वाभाविक था
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि "अक्षर पटेल टीम से ड्रॉप होने के बाद गुस्सा थे और उन्हें गुस्सा होना भी चाहिए था, क्योंकि वे टीम के सीनियर खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि "मैंने माफी मांगी। मैंने उनसे कहा कि मुझसे गलती हुई है और मुझे अफसोस है, लेकिन यह टीम का फैसला था। यह एक मुश्किल बातचीत थी। उन्होंने इसे हल्के में लिया और अगले दिन हमने इस पर बात की।"
अक्षर पटेल ने पकड़े अहम कैच
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए मैच में ड्रॉप होने के बाद उन्हें आगे के सभी मैचों के लिए टीम में रखा गया और उन्होंने कई महत्वपूर्ण कैच पकड़कर टीम को जीत दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में विल जैक्स और कप्तान हैरी ब्रुक के महत्वपूर्ण कैच लिए थे, जिसकी मदद से भारत मैच जीतने और फाइनल में प्रवेश करने में सफल रहा था। वे टीम के उप- कप्तान और क्लच प्लेयर थे, ऐसे में उन्हें ड्रॉप करने और फिर मैच हार जाने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव की सबसे अधिक आलोचना हुई थी।





साइन इन