ऑस्ट्रेलिया ने हैरतअंगेज रन चेज के साथ की टी20 वर्ल्ड कप रिकॉर्ड की बराबरी, 9.4 ओवर में किया ओमान का काम तमाम
ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को 9 विकेट से हराकर अपने टी20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन का अंत किया। ऑस्ट्रेलिया सुपर-8 के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई, मगर जाते-जाते उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की।

मिचेल मार्श की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का सफर शानदार नहीं रहा। जिम्बाब्वे और श्रीलंका से मिली करारी हार के बाद टीम सुपर-8 तक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई। हालांकि जाते-जाते उन्होंने ओमान को ऐसा रौंदा कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर डाली। ऑस्ट्रेलिया का ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला ओमान के खिलाफ था। पहले गेंदबाजी करते हुए एडम जैंपा के दम पर कंगारुओं ने ओमान को 16.2 ओवर में 104 के स्कोर पर समेट दिया। इसके बाद इस स्कोर को ऑस्ट्रेलिया ने महज 9.4 ओवर में चेज कर वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर डाली। इस रनचेज में ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान मिचेल मार्श चमके, जिन्होंने 31 गेंदों पर 66 रनों की धुआंधार पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया ने ओमान के खिलाफ 62 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 100 से अधिक रनों का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा गेंदें शेष रहते दर्ज की गई संयुक्त रूप से सबसे बड़ी जीत है। ऑस्ट्रेलिया से पहले इंग्लैंड ने यूएसए के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2024 में 116 रनों का टारगेट 62 गेंदें शेष रहते ही किया था।
ऑस्ट्रेलिया का नाम इस लिस्ट में दो बार दर्ज है। ओमान के खिलाफ 62 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज करने से पहले कंगारुओं ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ 102 के टारगेट का पीछा करते हुए 58 गेंदें रहते जीत दर्ज की थी।
T20 वर्ल्ड कप में 100 से ज्यादा रन के सफल चेज में सबसे ज्यादा बचीं गेंदें
62 (T: 116) - ENG vs USA, ब्रिजटाउन, 2024
62 (T: 105) - AUS vs OMAN, पल्लेकेले, 2026
58 (T:102) - AUS vs SL, केप टाउन, 2007
55 (T: 129) - WI vs USA, ब्रिजटाउन, 2024
50 (T:126) - ENG vs AUS, दुबई, 2021
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 कुछ खास नहीं रहा। ओमान से पहले उन्हें सिर्फ एक मैच में जीत मिली, वो भी आयरलैंड के खिलाफ। जिम्बाब्वे ने उनके खिलाफ बड़ा उलटफेर कर सुपर-8 में जगह बनाी, वहीं 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।





साइन इन