3 बार की चैंपियन टीम को अश्विन ने क्यों कहा इस बार IPL जीतना मुश्किल? अय्यर को निकालकर कर दी है बड़ी गलती
तीन बार की चैंपियन टीम को आईपीएल 2026 में अश्विन सीरियस कंटेंडर के रूप में नहीं देख रहे हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के खास प्रोग्राम ऐश की बात में पत्रकार विमल कुमार से चर्चा के दौरान साफ शब्दों में कहा है कि इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स के टॉप-4 में जाने के रियलिस्टिक चांस कम नजर आते हैं।

कोलकाता नाइट राइडर्स ने तीन बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। इस टीम ने गौतम गंभीर की कप्तानी में 2012 और 2014 में टाइटल जीता था, इसके बाद 2024 में श्रेयस अय्यर ने कोलकाता की टीम को अपनी कप्तानी में चैंपियन बनाया। तीन बार की चैंपियन टीम को आईपीएल 2026 में पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन सीरियस कंटेंडर के रूप में नहीं देख रहे हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल के खास प्रोग्राम ‘ऐश की बात’ में पत्रकार विमल कुमार से चर्चा के दौरान साफ शब्दों में कहा है कि इस बार कोलकाता नाइट राइडर्स के टॉप-4 में जाने के रियलिस्टिक चांस कम नजर आते हैं।
टॉप-4 के रियलिस्टिक चांस नहीं हैं
चर्चा के दौरान जब अश्विन से पूछा गया कि क्या केकेआर की टीम टॉप-4 में जगह बना पाएगी तो उन्होंने इससे इनकार किया और कहा, “केकेआर का रियलिस्टिक चांस टॉप फोर में नहीं होगा।” उन्होंने कहा, “केकेआर के लिए क्वालीफाई करना इतना ईजी नहीं होगा। मैं ये नहीं कह रहा कि यह नामुमकिन है, लेकिन यह मुश्किल बहुत है।” अश्विन ने कहा कि “आईपीएल जीतना भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर करता है और कोलकाता नाइट राइडर्स के पास भारतीय खिलाड़ियों में निरंतरता देखने को नहीं मिल रही है। यह फ्रेंचाइजी ज्यादातर मामलों में विदेशी खिलाड़ियों पर निर्भर नजर आ रही है।” उन्होंने कहा कि “गेंदबाजी में इस तरह की कमी के कारण लगातार 14 मैचों तक निरंतर रहना काफी मुश्किल होगा।”
अय्यर को टीम से हटाना सबसे बड़ी भूल
अश्विन ने केकेआर की कमजोरियों पर बात करते हुए कहा कि यहां पर कप्तानी कप्तानी को लेकर स्पष्टता ना होना टीम के लिए सबसे बड़ा नुकसान है। केकेआर ने अय्यर को निकाल कर बहुत बड़ी गलती की है और यह टीम के लिए बड़ा नुकसान पिछले सीजन भी साबित हुआ और इस सीजन भी साबित हो सकता है। गौरतलब है कि 2024 में केकेआर को खिताब जिताने के बावजूद फ्रेंचाइजी ने कप्तान अय्यर को रिलीज कर दिया था और फिर 2025 में अंजिक्य रहाणे की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन काफी लचर रहा था।
खिलाड़ियों की चोट भी बड़ी कमजोरी
अश्विन ने कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों का जिक्र करते हुए इसे भी टीम की एक बड़ी कमजोरी बताया। उन्होंने कहा कि यह टीम चोट की समस्या से जूझ रही है। हर्षित राणा आईपीएल से रूल्ड आउट हो चुके हैं। मथीशा पथिराना भी चोटिल हैं। मुस्तफिजुर रहमान को पहले ही टीम ने बाहर कर दिया है। ऐसे में इस टीम की गेंदबाजी यूनिट काफी कमजोर नजर आ रही है। अश्विन ने कहा कि “इन खिलाड़ियों के ना होने से ईडेन गार्डंस के छोटे मैदान पर गेंदबाजी करके रन रोकना और टीम को खिताब जिताना अनुभवहीन तेज गेंदबाजों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होगा।” उन्होंने साफ शब्दों में कहा “इस टीम की तेज गेंदबाजी यूनिट में वो दम दिखाई नहीं दे रहा है, जो टीम को चैंपियनशिप जिता सके।”
सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती का कम प्रभावी होना
अश्विन ने केकेआर की सिर्फ तेज गेंदबाजी यूनिट को ही कमजोर नहीं बताया, बल्कि इसकी दिग्गज स्पिनर जोड़ी को भी कम प्रभावी करार दिया। अश्विन ने कहा कि “वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन के मिस्ट्री स्पिनर का जो डर था वो अब खत्म हो चुका है, क्योंकि बल्लेबाजों ने उन्हें पढ़ना शुरू कर दिया है। नरेन अब अपने गेंदबाजी एक्शन की वजह से तेज गेंदें नहीं डाल सकते, जिसने उनका प्रभाव कम हुआ है।”
ये बल्लेबाज और गेंदबाज टीम के लिए करेंगे अच्छा
अश्विन ने इस टीम के लिए कुछ सकारात्मक चीजें भी बताई हैं और कौन बल्लेबाज और गेंदबाज प्रभाव जमा सकते हैं इसके बारे में भी अपनी राय रखी है। अश्विन ने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि आईपीएल के इस सीजन के सबसे महंगे प्लेयर कैमरून ग्रीन केकेआर के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज साबित हो सकते हैं, अगर टीम उन्हें टॉप-4 में खिलाएगी तो। उन्होंने अजिंक्य रहाणे का भी नाम लिया और कहा ये भी 400 से अधिक रन बना सकते हैं। अश्विन ने वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन को प्रभाव कम होने के बाद भी टीम का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज चुना है और ब्लेसिंग मुजरबानी को टीम में मौका देने की भी वकालत की है। अश्विन ने रिंकू सिंह के बारे में बात करते हुए कहा है कि उन्हें 4 नंबर पर बल्लेबाजी करने का मौका देना चाहिए।





साइन इन