IPL इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज, धोनी से आगे कोहली, रोहित कहां?
आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक छक्के किन 5 बल्लेबाजों ने लगाए हैं और टॉप-5 की लिस्ट में रोहित, विराट और धोनी कहां हैं आइए आज हम आपको इसके बारे में जानकारी देते हैं।

विश्व कप समाप्त होने के बाद अब 28 मार्च से आईपीएल की शुरआत होने जा रही है। इंडियन प्रीमियर लीग का पहला मुकाबला विराट कोहली की आरसीबी और अभिषेक शर्मा की सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होगा। इस लीग में रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, अंजिक्य रहाणे, ईशांत शर्मा जैसे दिग्गज क्रिकेटर देखने को मिलेंगे। आईपीएल के अब तक 18 संस्करण खेले जा चुके हैं और इस साल 19वां संस्करण खेला जाएगा। ऐसे में आज हम आपको इंडियन प्रीमियर लीग में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में बता रहे हैं।
क्रिस गेल और रोहित शर्मा
आईपीएल के इतिहास में सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल के नाम है। उन्होंने 2009 से 2021 तक आईपीएल के कुल 142 मैच खेले, जिसकी 141 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्ड 357 छक्के जड़े जो इस लीग के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सर्वाधिक छक्के हैं। गेल ने अपने आईपीएल करियर में 148.96 की स्ट्राइक रेट के साथ 4965 रन बनाए। उन्होंने अपने करियर में 6 शतक लगाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 175 रहा। आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में रोहित शर्मा का नाम दूसरे नंबर पर है। हिटमैन के नाम से मशहूर मुंबई को पांच बार खिताबी जीत दिलाने वाले रोहित शर्मा ने अपने करियर में 2008 से 2025 तक आईपीएल के कुल 272 मैच खेले हैं, जिसकी 267 पारियों में 132.09 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 7046 रन बनाए हैं और 302 छक्के जड़े हैं। क्रिस गेल और रोहित शर्मा इस लीग में 300 से अधिक छक्के जड़ने वाले दुनिया के केवल दो ही बल्लेबाज हैं।
विराट कोहली, धोनी और डिविलियर्स भी लिस्ट में
इस लीग में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली महेंद्र सिंह धोनी से आगे हैं। कोहली ने आईपीएल में 2008 से 2025 तक कुल 267 मैच खेले हैं, जिसकी 259 पारियों में 132.85 की स्ट्राइक रेट के साथ 8661 रन बनाए हैं। वे इस लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने आईपीएल में कुल 8 शतक लगाए हैं और 291 छक्कों के साथ सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले बल्लेबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। लिस्ट में चौथे स्थान पर महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 2008 से 2025 तक कुल 278 मैच खेले हैं, जिसकी 242 पारियों में कुल 264 छक्के लगाए हैं। आईपीएल में धोनी का स्ट्राइक रेट 137.45 का है और उन्होंने कुल 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 84 रन है। एबी डिविलियर्स इस सूची में 251 छक्कों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने 2008 से 2021 तक 184 मैचों की 170 पारियों में 151.68 की स्ट्राइक रेट के साथ कुल 5162 रन बनाए हैं। नाबाद 133 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।
आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले टॉप-5 बैटर
क्रिस गेल- 141 पारियों में 357 छक्के
रोहित शर्मा- 267 पारियों में 302 छक्के
विराट कोहली- 259 पारियों में 291 छक्के
महेंद्र सिंह धोनी- 242 पारियों में 264 छक्के
एबी डिविलियर्स- 170 पारियों में 251 छक्के





साइन इन