chhattisgarh nine naxalites carrying rs 45 lakh reward surrendered in gariaband district बंदूक छोड़ चुना अमन; छत्तीसगढ़ में 45 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने डाले हथियार, Chhattisgarh Hindi News - Hindustan
More

बंदूक छोड़ चुना अमन; छत्तीसगढ़ में 45 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने डाले हथियार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को कुल नौ नक्सलियों ने सरेंडर किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन पर 45 लाख रुपये का इनाम था।

Mon, 19 Jan 2026 09:59 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, गरियाबंद
share
बंदूक छोड़ चुना अमन; छत्तीसगढ़ में 45 लाख के इनामी 9 नक्सलियों ने डाले हथियार

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सोमवार को 45 लाख रुपये के इनामी नौ नक्सलियों ने सरेंडर कर दिया। इनमें छह महिलाएं शामिल हैं। सभी माओवादी विचारधारा से निराश होने के बाद सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने अपने साथ तीन एके-47 और दो एसएलआर राइफलें भी पुलिस को सौंपी हैं। ये नक्सली कई गंभीर मामलों में वॉन्टेंड थे। इस साल अब तक 180 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं।

रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली सिनापाली और एसडीके एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य हैं, जिनमें छह महिलाएं भी शामिल हैं। इन नक्सलियों ने माओवादी विचारधारा के प्रति बढ़ती निराशा और जंगल के कठिन जीवन से परेशान होकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के सामने अपने हथियार डाल दिए हैं।

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति से काफी प्रभावित हैं। उन्हें मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से जानकारी मिली कि उनके पुराने साथी अब सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं, आवास और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाकर बेहतर जीवन जी रहे हैं। आईजी अमरेश मिश्रा ने बताया कि सरेंडर करने वाले नौ नक्सलियों में से अंजू उर्फ कविता, बलदेव, दमरू और सोनी पर आठ-आठ लाख रुपये का इनाम था।

तीन एके-47 राइफल और दो एसएलआर भी सौंपा

पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि आत्मसमर्पण करने वालों में रंजीत उर्फ गोविंद नाम का एक मुख्य सदस्य शामिल है जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। इन नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने तीन एके-47 राइफल और दो सिंगल लोडिंग एसएलआर भी सरेंडर की है। इसके अलावा पार्वती उर्फ सुक्की करम पर पांच लाख रुपये और तीन अन्य सदस्यों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुरुग्राम में डॉक्टर बना हैवान; स्कॉर्पियो से पहले टक्कर मारी, विरोध पर कुचला
ये भी पढ़ें:दिल्ली में 7,500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खराब; क्या वजह, आगे कौन से कदम?
ये भी पढ़ें:झारखंड में दिखेगी बादलों की आवाजाही; 26 जनवरी तक कहां कैसा रहेगा मौसम?

इस साल अब तक 180 नक्सलियों ने डाले हथियार

सुकमा जिले की निवासी अंजू साल 2004 से ही प्रतिबंधित संगठन में सक्रिय थी और उस पर गरियाबंद जिले में 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसी तरह बस्तर निवासी बलदेव भी गरियाबंद में 29 मामलों में वांछित था। छत्तीसगढ़ में इस साल अब तक कुल 180 नक्सली मुख्यधारा में लौट चुके हैं। इससे पहले 15 जनवरी को बीजापुर जिले में 52 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया था जिनमें से 49 पर कुल 1.41 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।