रायगढ़ में दो हाथियों के शव बरामद, मंत्री ने बताया- 2 साल में 38 हाथी, 9 बाघ मरे
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नदी से दो हाथियों के शव बरामद किए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नदी में दो हाथी मृत पाए गए।

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक नदी से दो हाथियों के शव बरामद किए गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कुरकुट नदी में दो हाथी मृत पाए गए। छत्तीसगढ़ सरकार ने विधानसभा के जारी बजट सत्र में बताया था कि पिछले 26 महीनों में राज्य में 38 हाथियों और नौ बाघों की मौत अलग-अलग वजहों से हुई है। इनमें करंट लगना, शिकार और आपसी संघर्ष शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि एक स्थानीय वन रक्षक द्वारा जानकारी देने के बाद रायगढ़ के वन मंडल अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में हाथियों के शवों को नदी से बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर जांच में मदद के लिए स्वान दस्ते, बिजली विभाग के उड़नदस्ते तथा अधिकारियों के दल को बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि हाथियों की मौत का सही कारण अभी तक पता नहीं चला है।, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद इसकी पुष्टि होगी।
जंगल के ईकोसिस्टम में हाथी और बाघ दोनों की अहम भूमिका होती है। बाघ को टॉप लेवल का शिकारी माना जाता है, जो हिरण, जंगली सूअर और नीलगाय जैसे शाकाहारी जानवरों की संख्या को कंट्रोल करता है। अगर बाघ न हों तो शाकाहारी जीवों की आबादी तेजी से बढ़ सकती है, जिससे वे जंगल की वनस्पतियों को अत्यधिक मात्रा में खा सकते हैं। इससे जंगल का संतुलन बिगड़ सकता है और जैव विविधता पर नकारात्मक असर पड़ता है। इसलिए बाघ को फूड चेन के संतुलन को बनाए रखने वाला प्रमुख जीव माना जाता है।
वहीं हाथी को जंगल का कीस्टोन स्पीशीज और इकोसिस्टम इंजीनियर कहा जाता है। हाथी पेड़ों की टहनियां तोड़ते हैं, रास्ते बनाते हैं और फलों के बीजों को दूर-दूर तक फैलाते हैं। इससे जंगल में नई वनस्पतियों का विकास होता है। वैज्ञानिकों के अनुसार हाथी एक दिन में लगभग 100–150 किलोग्राम तक भोजन करते हैं और उनके जरिए कई पौधों के बीज जंगल में फैलते हैं। इस तरह हाथी और बाघ दोनों मिलकर जंगल की फूड चेन, जैव विविधता और पर्यावरणीय संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन