छत्तीसगढ़: बच्चे सोते रहे, एयरफोर्स अफसर पिता ने लगाई फांसी, सुसाइड की क्या आशंका?
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक अधिकारी ने बुधवार को अपने घर पर कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के एक अधिकारी ने बुधवार को अपने घर पर कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नक्सल रोधी अभियान से जुड़े विंग कमांडर विपुल यादव (39) का शव तेलीबांधा थाना क्षेत्र की विधायक कॉलोनी स्थित उनके घर के कमरे में लगे पंखे से लटके हुए पाया गया।
उन्होंने बताया कि घर के नौकर ने सुबह यादव का शव पंखे से लटका हुआ देखा और पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, विंग कमांडर विपुल यादव हरियाणा के रहने वाले थे, लेकिन मूल रूप से उत्तरप्रदेश के आजमगढ़ में उनका रहना था। पत्नी अर्जिता श्रीवास्तव भी एयरफोर्स में में अधिकारी थीं। इस्तीफा देकर वह आईटी सेक्टर कंपनी में जॉब कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय अधिकारी के दो बच्चे, एक बेटा और एक बेटी, दूसरे कमरे में सो रहे थे।
उन्होंने बताया कि यादव ने 2014 में प्रेम विवाह किया था और शुरुआती जानकारी के मुताबिक दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे। अधिकारी ने बताया कि आंशका है कि पारिवारिक मनमुटाव की वजह से उन्होंने आत्महत्या की है। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और मामले की जांच के बाद ही कारण का पता लगाया जा सकेगा।
आज 12 मार्च को उनका अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है। फिलहाल दोनों ही परिवार के लोग रायपुर पहुंच गए हैं। लेकिन इस मामले में कोई भी कुछ कहने से बच रहा है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल अपने कब्जे में लिया है। एफएसएल टीम और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन