राजधानी में डीजल-पेट्रोल व गैस की कोई किल्लत नहीं, दिल्ली सरकार ने कहा अफवाहों पर ध्यान न दें
एलपीजी संकट पर दिल्ली सरकार ने कहा है कि राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वाहन ईंधन और गैस की कमी नहीं है।

एलपीजी संकट पर दिल्ली सरकार ने कहा है कि राजधानी में एलपीजी, पेट्रोल, डीजल और पीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। वाहन ईंधन और गैस की कमी नहीं है। सरकार ने जनता से अपील की है कि गैस आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट व भंडारण से बचें।
मुख्य सचिव ने की मीटिंग
बुधवार को दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में खाद्य, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, दिल्ली पुलिस, राजस्व विभाग, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड और विभिन्न तेल विपणन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। बैठक में मध्य-पूर्व में उत्पन्न युद्ध की परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति बाधित होने संबंधी अफवाहों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए PNG की कोई कमी नहीं
बैठक में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 9 मार्च 2026 को एक आदेश जारी किया है। इस आदेश में प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए घरेलू पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) और सीएनजी (कंप्रेस्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति, उसके समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली में घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी की कोई कमी नहीं है।
गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि बढ़ाई गई
अधिकारियों ने बताया कि गैस आपूर्ति की प्राथमिकताओं का पुनर्निर्धारण कर औद्योगिक क्षेत्रों में भी लगभग 80 प्रतिशत तक निर्बाध गैस आपूर्ति को नियमित कर दिया गया है। तेल विपणन कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एल.पी.जी. गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार मौजूद है। तेल और गैस की सप्लाई पहले की तरह लगातार मिल रही है। गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, लेकिन बुकिंग के बाद औसतन 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर उपभोक्ताओं के घर तक पहुंचाया जा रहा है।
कालाबाजारी, चोरी पर रखें निगरानी
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि गैस की गैस की चोरी या कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी की जाए। इसके लिए दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने आम जनता से भी अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण न करें।
वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता बैठक में अधिकारियों ने बताया कि वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए तेल विपणन कंपनियों की ओर से दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। इनके तहत शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को प्राथमिकता दी जा रही है। वाणिज्यिक गैस की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए ऑयल कंपनियां लगातार प्रयास कर रही हैं।




साइन इन