झारखंड में नौकरी के नाम पर 35 लड़कियों को बंधक बनाने की आशंका, छत्तीसगढ़ प्रशासन अलर्ट
छत्तीसगढ़ के कांकेर और आसपास के इलाकों से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां से करीब 35 लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया और उन्हें फंसा लिया गया।

छत्तीसगढ़ के कांकेर और आसपास के इलाकों से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक यहां से करीब 35 लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर झारखंड ले जाया गया और उन्हें फंसा लिया गया। बताया जा रहा है कि इन सभी लड़कियों को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी दिलाने का वादा किया गया था। इनमें से 16 लड़कियां कांकेर से और अन्य धमतरी और अन्य इलाकों से ले जाई गई थीं।
इस घटना के सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार युवतियों को नर्सिंग और अन्य कार्यों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर झारखंड भेजा गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उन्हें गढ़वा जिले में बंधक बनाकर काम कराया जा रहा है।
लड़के को मैसेज भेज मांगी मदद
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब दुर्गुकोंदल क्षेत्र के खुटगांव की एक युवती ने अपने परिचित युवक को मोबाइल पर मदद का मैसेज भेजा। लड़की ने बताया कि उसे और अन्य युवतियों को झारखंड के गढ़वा जिले में जबरन रोका गया है। सूचना मिलने के बाद कांकेर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए झारखंड के गढ़वा जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर खोजबीन एवं जांच शुरू कर दी है।
कांकेर कलेक्टर नीलेश क्षीरसागर ने बताया कि कांकेर और अन्य जिलों की कुछ लड़कियां नर्सिंग और अन्य कार्यों के लिए झारखंड गई थीं। शिकायत मिली है कि कुछ लड़कियों को बंधक बनाकर रखा गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि इस संबंध में उनकी कलेक्टर से चर्चा हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ लड़कियां अपनी मर्जी से गई थीं, जबकि कुछ वापस आना चाहती हैं। प्रशासन सभी से संपर्क स्थापित कर आगे की कार्रवाई कर रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन