JEE Advanced Topper : कौन हैं बिहार के शुभम कुमार, जेईई मेन के बाद एडवांस्ड में भी किया टॉप, यहां से करेंगे BTech
JEE Advanced Topper Shubham Kumar : बिहार के शुभम ने जेईई मेन के बाद जेईई एडवांस्ड में भी ऑल इंडिया टॉप किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि जेईई मेन 2026 के दोनों सत्रों में भी शुभम 100 पर्सेंटाइल पाने वाले टॉपरों की लिस्ट में शामिल थे।

JEE Advanced Topper Shubham Kumar : बिहार के लाल शुभम कुमार ने जेईई मेन के बाद जेईई एडवांस्ड में भी झंडा गाड़ दिया है। गया जी के रहने वाले शुभम ने जेईई मेन में टॉप करने के बाद जेईई एडवांस्ड में ऑल इंडिया टॉप किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक हासिल कर पूरे देश में रैंक 1 हासिल की। शुभम की इस सफलता से गया शहर के वार्ड संख्या 38 स्थित नादरागंज ब्राह्मणी घाट में उनके घर पर खुशी का माहौल है। चौंकाने वाली बात यह है कि जेईई मेन 2026 के दोनों सत्रों में भी शुभम टॉपरों की लिस्ट में शामिल थे। दोनों सत्रों जनवरी और अप्रैल में उनके पूरे 100 पर्सेंटाइल अंक रहे थे।
जेईई मेन 2026 के पहले सेशन में 12 विद्यार्थियों ने 100 पर्सेंटाइल प्राप्त किए थे जबकि दूसरे सेशन (अप्रैल) में 26 ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए थे। इन दोनों लिस्ट में शुभम कुमार ने जगह बनाई थी। सेशन -1 और सेशन 2 दोनों की 100 पर्सेंटाइल पाने वाले छात्रों की सूची में वह बिहार के अकेले छात्र थे।
शुभम के परिवार को मिल रही बधाइयां
शुभम की इस सफलता से गया उनके घर में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और आसपास के लोग उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं। पिता शिव कुमार, जो पेशे से व्यवसायी हैं, ने कहा कि बेटे की मेहनत रंग लाई है और उन्हें उस पर गर्व है। माता कंचन देवी और दादा रामचंद्र लाल भी बेहद खुश हैं। बड़ी बहन श्रेया कुमारी भी इंजीनियरिंग की तैयारी कर रही हैं और भाई की सफलता से प्रेरित हैं।
j
शुभम के पिता की हार्डवेयर की दुकान, बहन आईआईटी में
बिहार के टॉपर बने शुभम मध्य वर्गीय परिवार से आते हैं। इनके पिता शिव कुमार की हार्डवेयर की दुकान है। वहीं मां कंचन देवी गृहिणी हैं। शुभम ने बताया कि वह आईआईटी मुंबई से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहते हैं। आपको बता दें कि आईआईटी बॉम्बे का बीटेक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग डिग्री कोर्स हर साल जेईई एडवांस्ड के टॉपरों की टॉप चॉइस रहता है। देश-विदेश की प्रतिष्ठित आईटी कंपनियों की ओर से मिलने वाले मोटे सैलरी पैकेज इसकी बड़ी वजह रही है।
10वीं तक कोई ट्यूशन नहीं ली
शुभम कुमार ने सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक की पढ़ाई नाजरथ अकैडमी से की है। इसके बाद ऑनलाइन क्लास शुरू किया। 10वीं तक कभी कोई ट्यूशन नहीं ली। पांचवीं कक्षा तक मां ने पढ़ाया और इसके बाद सेल्फ स्टडी की बदौलत 10वीं की परीक्षा पास की। 12वीं की परीक्षा ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से दी।
बिहार से कोटा क्यों गए शुभम
वह दो साल से कोटा में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोटा में एक कंपीटिटिव माहौल है इसलिए यहां तैयारी के लिए आया। यहां देश भर से सारे टैलेंटेड बच्चे आते हैं। एक्सपीरियंस्ड टीचर्स हैं।
कोचिंग के अलावा 8 घंटे सेल्फ स्टडी
उन्होंने 11वीं में एलन में ऑनलाइन क्लास की थी। इसके बाद स्कॉलरशिप मिलने के बाद 12वीं में एलन के कोटा सेंटर में ऑफलाइन क्लास की। पढ़ाई के शेड्यूल पर शुभम बताते हैं कि सुबह में 6 घंटे की तीन क्लासेज होती थी। इसके अलावा 8 घंटे सेल्फ स्टडी करते थे।
परिजनों के अनुसार शुभम बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखते थे और हमेशा लक्ष्य के प्रति गंभीर रहे। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। अब उनकी नजर जेईई एडवांस परीक्षा पर है। उनका सपना आईआईटी मुंबई में दाखिला लेकर आगे की पढ़ाई करना है।
बहन आईआईटी में
शुभम की बड़ी बहन प्रिया कुमारी भी जेईई में 5000 रैंक लाकर आईआईटी पटना में बीटेक कंप्यूटर साइंस प्रथम वर्ष की छात्रा है।
अपना बेस्ट देता हूं
जब पूछा गया कि कॉम्पिटिटिव और बोर्ड एग्जाम दोनों पर फोकस करना कितना मुश्किल है, तो उन्होंने जवाब दिया, 'मुझे अब इसकी आदत हो गई है। मैं सिर्फ पढ़ाई पर फोकस करता हूं और अपना बेस्ट देता हूं।'
स्कूल से ही पढ़ने में अच्छा था
पिता शिव कुमार ने कहा कि शुभम स्कूल से ही पढ़ने में अच्छा था, उसने इंजीनियरिंग में अपनी रुचि दिखाई। जिसको लेकर हमने उसको आगे तैयारी के लिए भेज दिया। हमारे सामने आर्थिक परेशानी नहीं थी और ना कि शुभम की पढ़ाई में किसी तरह की कोई दिक्कत थी। शुभम पहले से टैलेंटेड रहा है। मैट्रिक की परीक्षा के बाद से ही तैयारी में जुट गया था।'
JEE Advanced 2026 Toppers List : जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2026 टॉपर लिस्ट
रैंक 1 - शुभम कुमार - 360 में से 330 अंक
रैंक 2- कबीर छिल्लर - 360 में से 329 अंक
रैंक 3- जतिन चाहर - 360 में से 319 अंक
56880 उम्मीदवार पास
जेईई एडवांस्ड 2026 के लिए कुल 187389 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 179694 उम्मीदवार एग्जाम में शामिल हुए। इस परीक्षा में 56880 उम्मीदवार पास हुए हैं। पास उम्मीदवारों की कुल संख्या में से 10107 महिला उम्मीदवार हैं।




साइन इन