JEE Advanced 2026 Result: रैंक लिस्ट के लिए कितने नंबर थे जरूरी? देखें कैटेगरी वाइज कट-ऑफ
JEE Advanced Result 2026 घोषित हो गया है। दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने 330 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त की। इस बार 56 हजार से अधिक उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए हैं। क्या रही कैटेगरी वाइज कट-ऑफ।

JEE Advanced 2026 category wise cut off : देशभर के इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रूड़की ने जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस साल परीक्षा में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों में से करीब 56 हजार छात्रों ने सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि दिल्ली जोन के छात्रों ने मेरिट सूची में शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थानों पर कब्जा जमा लिया। जेईई एडवांस्ड 2026 की कॉमन रैंक लिस्ट में दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर ऑल इंडिया रैंक 1 अपने नाम की। दूसरे स्थान पर भी दिल्ली जोन के ही कबीर छिल्लर रहे, जिन्होंने 329 अंक हासिल किए। टॉपर और दूसरे स्थान के बीच सिर्फ एक अंक का अंतर रहा। वहीं जतीन चाहर ने 319 अंक प्राप्त कर तीसरी रैंक हासिल की। इस तरह इस वर्ष की टॉप-3 रैंक पूरी तरह दिल्ली जोन के छात्रों के नाम रही।
आरोही देशपांडे बनीं शीर्ष महिला उम्मीदवार
महिला उम्मीदवारों में दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 360 में से 280 अंक प्राप्त किए और कॉमन रैंक लिस्ट में 77वीं रैंक हासिल की। यह उपलब्धि इस बात का संकेत है कि तकनीकी शिक्षा और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में लड़कियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। इस साल कुल 10,107 महिला उम्मीदवारों ने परीक्षा में सफलता हासिल की है।
कितने छात्रों ने परीक्षा दी और कितने हुए सफल?
आईआईटी रूड़की द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने जेईई एडवांस्ड के लिए पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,79,694 उम्मीदवार दोनों पेपर में शामिल हुए। नियमों के अनुसार केवल वे अभ्यर्थी ही परिणाम और रैंक सूची के लिए पात्र होते हैं जो पेपर-1 और पेपर-2 दोनों में उपस्थित होते हैं। इनमें से 56 हजार से अधिक छात्रों ने परीक्षा की निर्धारित पात्रता हासिल की और अब वे आईआईटी में प्रवेश की अगली प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।
अलग-अलग श्रेणियों के लिए क्या रही कटऑफ?
इस वर्ष कॉमन रैंक लिस्ट के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 8 अंक और कुल 92 अंक हासिल करना जरूरी था। ओबीसी-एनसीएल और सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए प्रत्येक विषय में 7 अंक तथा कुल 82 अंक निर्धारित किए गए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग श्रेणियों के लिए प्रत्येक विषय में 4 अंक और कुल 46 अंक की पात्रता तय की गई। वहीं प्रिपरेटरी कोर्स रैंक लिस्ट के लिए न्यूनतम कुल 23 अंक निर्धारित किए गए।
ऐसे देखें अपना रिजल्ट
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जेईई एडवांस्ड रिजल्ट 2026 लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद रोल नंबर, जन्मतिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज कर लॉगिन करना होगा। लॉगिन के बाद स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है। उम्मीदवारों को उनके परिणाम की जानकारी मोबाइल संदेश के जरिए भी भेजी जाएगी।
अब शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
रिजल्ट घोषित होने के बाद अब छात्रों की नजर जोसाआ काउंसलिंग 2026 पर रहेगी। इसी प्रक्रिया के जरिए आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपल आईटी और अन्य सरकारी तकनीकी संस्थानों में सीटों का आवंटन किया जाएगा। हालांकि केवल जेईई एडवांस्ड में सफल होना प्रवेश की गारंटी नहीं है। अंतिम सीट आवंटन उम्मीदवार की रैंक, उसकी पसंद और उपलब्ध सीटों पर निर्भर करेगा।
पिछले साल की तुलना में बेहतर प्रदर्शन
पिछले वर्ष जेईई एडवांस्ड परीक्षा का आयोजन आईआईटी कानपुर ने किया था। उस समय लगभग 1.80 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे और 48,248 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए थे। इस बार सफल अभ्यर्थियों की संख्या 56 हजार से अधिक रही है, जो पिछले वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि मानी जा रही है। इससे स्पष्ट है कि इस वर्ष बड़ी संख्या में छात्रों ने बेहतर प्रदर्शन किया है और आईआईटी में दाखिले की दौड़ और भी प्रतिस्पर्धी होने वाली है।




साइन इन