lucknow university pg admission process starts know full details लखनऊ विश्वविद्यालय में पीजी एडमिशन शुरू, किस विषय में कितनी हैं सीटें? जानिए पूरा गणित, Career Hindi News - Hindustan
More

लखनऊ विश्वविद्यालय में पीजी एडमिशन शुरू, किस विषय में कितनी हैं सीटें? जानिए पूरा गणित

लखनऊ विश्वविद्यालय में पीजी कोर्सेज के लिए एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं।

Tue, 28 April 2026 07:23 AMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
लखनऊ विश्वविद्यालय में पीजी एडमिशन शुरू, किस विषय में कितनी हैं सीटें? जानिए पूरा गणित

अगर आप लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) में अपनी आगे की पढ़ाई पूरी करने का ख्वाब देख रहे हैं, तो आपके लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर है। इन दिनों यूनिवर्सिटी कैंपस में काफी रौनक और हलचल देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कोर्सेज में दाखिले की रेस शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरी तरफ यहां के होनहार छात्रों को बेहतरीन कंपनियों में नौकरियां भी मिल रही हैं। आइए आपको विस्तार से बताते हैं कि लखनऊ विश्वविद्यालय में इस वक्त दाखिले से लेकर क्या-क्या बड़े अपडेट्स सामने आए हैं।

पीजी कोर्सेज में दाखिले की विंडो खुली

लखनऊ विश्वविद्यालय ने नए शैक्षिक सत्र में प्रवेश प्रक्रिया का बकायदा आगाज कर दिया है। इसके तहत परास्नातक (पीजी) और परास्नातक व्यावसायिक (प्रोफेशनल) पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए हैं। प्रवेश समन्वयक की ओर से जारी किए गए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, जो भी उम्मीदवार यहां दाखिला लेना चाहते हैं, वे सीधे यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। आपको बता दें कि आवेदन करने की आखिरी तारीख 15 जून मुकर्रर की गई है।

लेकिन यहां एक बात का खास ख्याल रखना लाजमी है। आप सीधे तौर पर फॉर्म नहीं भर पाएंगे। आवेदन करने से पहले हर एक छात्र को अपना 'एलयूआरएन' (LURN - Lucknow University Registration Number) पंजीकरण कराना होगा। जब आपका यह रजिस्ट्रेशन सफलता के साथ पूरा हो जाएगा, उसके बाद ही आप 'समर्थ पोर्टल' के लिंक पर क्लिक करके आगे की आवेदन प्रक्रिया को अंजाम दे सकेंगे। यह कदम प्रक्रिया को और ज्यादा पारदर्शी और आसान बनाने के लिए उठाया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:NEET UG: परीक्षा से 1 घंटा पहले बंद हो जाएंगे सेंटर्स के गेट; जरूरी गाइडलाइन्स
ये भी पढ़ें:यूपी में डाटा ऑपरेटर की बंपर भर्ती, 2505 स्कूलों को भी जल्द मिलेंगे नए प्रिंसिपल
ये भी पढ़ें:CUET UG 2026: सिटी इंटिमेशन स्लिप जल्द होगी जारी, 11 मई से एग्जाम

किस विषय में कितनी हैं सीटें? जानिए पूरा गणित

यूनिवर्सिटी के प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर अनित्य गौरव ने बताया है कि अलग-अलग फैकल्टी में बड़ी तादाद में सीटें मौजूद हैं। अगर कला संकाय (आर्ट्स फैकल्टी) पर नजर डालें, तो यहां एमए अंग्रेजी में सबसे ज्यादा 250 सीटें हैं। इसके अलावा एमए एआईएच एंड आर्कियोलॉजी में 225, अर्थशास्त्र में 225, समाजशास्त्र में 225, हिंदी में 200, राजनीति विज्ञान में 150 और उर्दू में भी 150 सीटों पर आवेदन मांगे गए हैं।

इसके साथ ही एमआईएच में 113, लोक प्रशासन में 100, मनोविज्ञान में 88, भूगोल में 75, संस्कृत में 75 और पत्रकारिता एवं जनसंचार में 63 मौके मौजूद हैं। आचार्य के लिए 25, बीलिब 50, मानवशास्त्र 38, अरब कल्चर 38, अरेबिक 38, रक्षा अध्ययन 31, दर्शनशास्त्र 50, महिला अध्ययन 38, एमलिब 32, और समाज कार्य (सोशल वर्क) में 130 सीटें तय की गई हैं।

कॉमर्स और लॉ स्ट्रीम के छात्रों के लिए भी अच्छी खबर है। एमकॉम कॉमर्स में 300, एमकॉम अप्लाइड इकोनॉमिक्स में 225, एलएलबी में 352 और एलएलएम में 66 सीटों पर दाखिले होंगे। अगर साइंस स्ट्रीम की बात करें, तो यहां भी ढेरों विकल्प हैं। एमएससी केमिस्ट्री में 138, बॉटनी में 126, बायोटेक में 75, बायोकेमिस्ट्री में 75 और कंप्यूटर साइंस में 50 सीटों पर आवेदन हो रहे हैं। आज के बदलते दौर को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने एआई एंड एमएल, डाटा साइंस एंड डेटा एनालिटिक्स और साइबर जैसे आधुनिक कोर्सेज में भी 50-50 सीटों पर आवेदन मांगे हैं। इसके अलावा अस्पताल प्रशासन (74), पब्लिक हेल्थ कम्युनिटी मेडिसिन (62) और न्यूट्रिशिनल साइंसेज (75) जैसे अहम विषयों में भी आप अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और HPBOSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।