UP Board Exam 2026: Pre-printed OMR Sheets for Class 10; Orange Sheets for Correction Mistakes UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में ओएमआर शीट पर प्री-प्रिंटेड होगा रोल नंबर, गलती पर मिलेगी ऑरेंज शीट, Career Hindi News - Hindustan
More

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में ओएमआर शीट पर प्री-प्रिंटेड होगा रोल नंबर, गलती पर मिलेगी ऑरेंज शीट

UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड ने ओएमआर शीट पर परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक और विषय पहले से मुद्रित करा दिए हैं ताकि परीक्षा के दौरान शीट भरते समय गलती की आशंका न रह जाए। यूपी बोर्ड की परीक्षा 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं।

Sun, 15 Feb 2026 07:40 AMPrachi लाइव हिन्दुस्तान, प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता
share
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में ओएमआर शीट पर प्री-प्रिंटेड होगा रोल नंबर, गलती पर मिलेगी ऑरेंज शीट

UP Board Exam 2026: 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की परीक्षा में हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को 70 नंबर के प्रश्नपत्र में से 20 अंक के वस्तुनिष्ठ (बहुविकल्पीय) प्रश्नों के जवाब ओएमआर शीट पर गोला भरकर देने होंगे। बाकी के 50 प्रश्नों के उत्तर परंपरागत तरीके से उत्तरपुस्तिका पर लिखने होंगे। छात्र-छात्राओं की सहूलियत का ख्याल रखते हुए यूपी बोर्ड ने ओएमआर शीट पर परीक्षार्थियों के अनुक्रमांक और विषय पहले से मुद्रित करा दिए हैं ताकि परीक्षा के दौरान शीट भरते समय गलती की आशंका न रह जाए।

गलती होने पर मिलेगी 'ऑरेंज' शीट

परीक्षार्थियों को अपने प्रश्नपत्र के ऊपर मुद्रित प्रश्नपत्र सीरीज को सावधानीपूर्वक ओएमआर पर अंकित करना होगा और उससे संबंधित ओएमआर गोलों को नीले/काले बाल प्वाइंट पेन से भरना होगा। निर्देश के अनुसार परीक्षा के दौरान यदि ओएमआर भरने में कोई गलती हो जाती है तो उसे काटकर, मिटाकर या व्हाइटनर आदि लगाकर सुधारने की कोशिश नहीं करनी है। ऐसी शीट को निरस्त करके ऑरेंज कलर की अतिरिक्त ओएमआर शीट परीक्षार्थियों को दी जाएगी जिसमें उसे अनुक्रमांक, विषय समेत अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं परीक्षार्थी को स्वयं भरनी होगी। इस साल हाईस्कूल परीक्षा में 27.61 लाख पंजीकृत हैं। बोर्ड ने 2023 की हाईस्कूल की परीक्षा से ओएमआर शीट की व्यवस्था लागू की थी।

ओएमआर पर पहले से लिखा होगा अनुक्रमांक और विषय

ओएमआर के मुख्य भाग में गोलों को नीले/काले बाल प्वाइंट पेन से भरना होगा।परीक्षार्थी जो ओएमआर भरेंगे उसका मिलान करना कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी होगी। ओएमआर शीट भरने से पहले परीक्षार्थी को पीछे लिखे निर्देश को पढ़ना चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:परीक्षा में कांपते हैं हाथ? UP बोर्ड छात्रों के लिए विशेषज्ञों की खास सलाह
ये भी पढ़ें:यूपी बोर्ड में एडमिट कार्ड भूलने पर भी दे सकेंगे परीक्षा
ये भी पढ़ें:यूपी बोर्ड ने बताया, कैसे लिखें अच्छा उत्तर, परीक्षा में कब तक मिलेगी एंट्री

काउंटर फॉइल की व्यवस्था

ओएमआर की हेराफेरी रोकने के लिए बोर्ड ने काउंटर फॉइल की व्यवस्था की है। ओएमआर की छपाई दो भागों में हुई है। ऊपर मुख्य भाग तथा नीचे काउंटर फॉइल है। परीक्षा समाप्त होने के बाद कक्ष निरीक्षक ओएमआर के ऊपर व नीचे के भाग को काटकर अलग करेंगे और अलग-अलग लिफाफे में सील करके जमा कराएंगे।

बोर्ड परीक्षा के बाद होगा छूटे छात्रों का प्रैक्टिकल

यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षा के दौरान 4372 छात्र-छात्राओं के प्रैक्टिकल नहीं हो सके। अब इनकी प्रयोगात्मक परीक्षा 12 मार्च को लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद कराई जाएगी। प्रथम चरण में विभिन्न विषयों में 1355 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे जबकि चार परीक्षकों के नहीं पहुंचने के कारण 379 बच्चों की परीक्षा नहीं कराई जा सकी। दूसरे चरण में 1754 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Board Results 2026 ( UP Board Result 2026, CBSE 10th Result 2026 Live) देखें और Live Hindustan App डाउनलोड करके सभी अपडेट सबसे पहले पाएं।