PhD : थीसिस अपलोड करने पर ही पीएचडी की डिग्री, क्या है नया नियम और पीएचडी अवार्ड अधिसूचना
पीएचडी अवार्ड अधिसूचना विश्वविद्यालय द्वारा जारी किया गया वह आधिकारिक प्रमाण या दस्तावेज होता है, जो यह प्रमाणित करता है कि स्कॉलर ने अपनी डॉक्टरेट की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं। अब इसके लिए थीसिस अपलोड करना अनिवार्य होगा।

पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने के लिए अब शोधार्थियों को वाइवा परीक्षा के सात दिनों के अंदर अपनी थीसिस को शोधगंगा पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। बिहार के पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने सभी शोधार्थियों के लिए यह नया नियम लागू कर दिया है। हाल ही में कुलाधिपति ने इस संबंध में सभी विश्वविद्यालयों को स्पष्ट निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद पाटलिपुत्र विवि ने भी अधिसूचना जारी कर दी है। नियम का पालन नहीं करने पर पीएचडी अवार्ड की अधिसूचना जारी नहीं की जाएगी और शोधार्थी को डिग्री नहीं मिलेगी।
थीसिस यूनिवर्सिटी के पीएचडी सेल में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी
जारी अधिसूचना के अनुसार वाइवा की तिथि से एक सप्ताह के भीतर शोधार्थियों को थीसिस की पीडीएफ फाइल पेन ड्राइव में सुरक्षित कर एक आवेदन पत्र के साथ यूनिवर्सिटी के पीएचडी सेल में अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। इसके बाद ही पीएचडी अवार्ड की अधिसूचना निर्गत की जाएगी।
थीसिस जमा करने के लिए एक मानक प्रारूप भी तय किया
पेन ड्राइव में थीसिस जमा करने के लिए विश्वविद्यालय ने एक मानक प्रारूप भी तय किया है। इस प्रारूप के अनुसार थीसिस को अलग-अलग हिस्सों में बांटना होगा। इसमें पहला भाग टाइटल (केवल टाइटल पेज), दूसरा प्रीलिम पेज (टाइटल, डिक्लेरेशन, डेडिकेशन, सर्टिफिकेट, एक्नॉलेजमेंट, टेबल्स एवं फिगर्स की सूची), तीसरा कंटेंट (विषय सूची), चौथा एब्स्ट्रैक्ट, पांचवें से नौवें तक चैप्टर 1 से 5, दसवां एनेक्सर (बिब्लियोग्राफी, रेफरेंसेस, प्रश्नावली, मानचित्र, प्रकाशन, सीवी आदि), 11वां 80 रिकमेंडेशन (टाइटल पेज सहित निष्कर्ष, सारांश एवं भविष्य का कार्य) और 12वां 90 प्लेजरिज्म रिपोर्ट होगा। इन सभी दस्तावेजों को अनिवार्य रूप से जमा करना होगा।
क्यों बना यह नियम
विश्वविद्यालय के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया शोध कार्य में पारदर्शिता, डिजिटल उपलब्धता और साहित्यिक चोरी की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने सभी संकायाध्यक्षों और विभागाध्यक्षों को भी पत्र जारी कर दिया है।
क्या होता है पीएचडी अवार्ड अधिसूचना
पीएचडी अवार्ड अधिसूचना, विश्वविद्यालय द्वारा जारी किया गया वह आधिकारिक प्रमाण या दस्तावेज होता है, जो यह प्रमाणित करता है कि शोधार्थी (स्कॉलर) ने अपनी डॉक्टरेट की सभी शर्तें पूरी कर ली हैं और उन्हें डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि से सम्मानित कर दिया गया है।




साइन इन