odisha school summer vacation 2026 preponed due to heatwave mohan charan majhi decision भीषण गर्मी का कहर, इस राज्य में पहले ही स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान; यूपी-बिहार को लेकर क्या अपडेट, Career Hindi News - Hindustan
More

भीषण गर्मी का कहर, इस राज्य में पहले ही स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान; यूपी-बिहार को लेकर क्या अपडेट

ओडिशा में बढ़ती गर्मी के चलते 27 अप्रैल से स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गईं हैं। अन्य राज्यों के स्कूलों पर क्या अपडेट हैं।

Fri, 24 April 2026 03:24 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
भीषण गर्मी का कहर, इस राज्य में पहले ही स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों का ऐलान; यूपी-बिहार को लेकर क्या अपडेट

ओडिशा में लगातार बढ़ते तापमान और हीटवेव के खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी की मंजूरी के बाद राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां 27 अप्रैल 2026 से शुरू कर दी जाएंगी। यह फैसला खास तौर पर बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और हालात गंभीर होते जा रहे हैं।

सरकार का क्या कहना है

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से जारी जानकारी में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने स्कूल एवं जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने साफ किया है कि स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन पहले से तय परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े काम और अन्य प्रशासनिक कार्य पहले की तरह चलते रहेंगे।

ओडिशा में गर्मी का खतरनाक स्तर

राज्य के कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालात इतने गंभीर हैं कि 24 शहरों में पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। आईएमडी ने शुक्रवार के लिए छह जिलों खुर्दा, क्योंझर, अंगुल, संबलपुर, झारसुगुड़ा और बोलांगीर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 17 जिलों के लिए येलो वार्निंग भी दी गई है।

पहले भी बदले गए थे स्कूल टाइम

इस फैसले से पहले भी सरकार ने गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया था। 20 मार्च को यह घोषणा की गई थी कि 2 अप्रैल से सभी स्कूलों में कक्षाएं सुबह की शिफ्ट में चलेंगी, ताकि बच्चे तेज धूप से पहले घर पहुंच सकें। आंगनवाड़ी केंद्रों के समय को भी सीमित कर सुबह 7 बजे से 9 बजे तक कर दिया गया था। सिर्फ ओडिशा ही नहीं, बल्कि देश के कई अन्य राज्यों में भी गर्मी का असर स्कूलों पर साफ दिख रहा है।

यूपी-बिहार को लेकर क्या अपडेट

यूपी-बिहार जैसे राज्यों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। लखनऊ में छोटे बच्चों की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सीमित कर दी गई हैं, वहीं पटना में भी दोपहर से पहले ही स्कूल खत्म करने का निर्देश दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:10th टॉपर रही प्राची के 12th में कितने मार्क्स,चेहरे पर बाल के चलते हुई थी वायरल
ये भी पढ़ें:सीयूईटी पीजी रिजल्ट आज, exams.nta.nic.in/cuet-pg पर कर सकेंगे चेक
ये भी पढ़ें:UP बोर्ड 10वीं रिजल्ट, आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स स्ट्रीम चुनने पहले जान लें ये बात

बच्चों की सेहत बनी प्राथमिकता

सरकार का मानना है कि इस समय बच्चों को तेज गर्मी में स्कूल भेजना उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। यही वजह है कि एहतियात के तौर पर पहले ही छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। हालांकि 26 अप्रैल को कुछ इलाकों में आंधी या बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इसके बावजूद सरकार कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं है।

बदलते मौसम का बढ़ता असर

देशभर में बढ़ती गर्मी और लगातार हीटवेव की घटनाएं अब शिक्षा व्यवस्था को भी प्रभावित कर रही हैं। स्कूलों के समय में बदलाव और छुट्टियों का पहले शुरू होना इस बात का संकेत है कि जलवायु परिस्थितियां अब सीधे तौर पर रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर रही हैं।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।