UP Board Class 10 topper Prachi Nigam UPMSP 12th result how much marks got up girl viral due to facial hair face यूपी बोर्ड 10वीं की टॉपर रही प्राची निगम के 12वीं में कितने आए मार्क्स, चेहरे पर बाल के चलते फोटो हुई थी वायरल, Career Hindi News - Hindustan
More

यूपी बोर्ड 10वीं की टॉपर रही प्राची निगम के 12वीं में कितने आए मार्क्स, चेहरे पर बाल के चलते फोटो हुई थी वायरल

दो साल पहले यूपी बोर्ड 10वीं की परीक्षा में प्रदेश भर में टॉप करने वाली प्राची निगम के 12वीं में 91.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। प्राची को चेहरे पर बाल होने की वजह से ट्रोल किया गया था।

Fri, 24 April 2026 01:50 PMPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
यूपी बोर्ड 10वीं की टॉपर रही प्राची निगम के 12वीं में कितने आए मार्क्स, चेहरे पर बाल के चलते फोटो हुई थी वायरल

वर्ष 2024 की यूपी बोर्ड 10वीं परीक्षा में पूरे सूबे में टॉप करने वाली प्राची निगम ने 12वीं में भी शानदार अंक हासिल किए हैं। सीतापुर की प्राची ने 12वीं में 91.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। गौरतलब है दो साल पहले पूरे प्रदेश में हाईस्कूल रिजल्ट में अव्वल आने पर जब प्राची की फोटो सुर्खियों में आई थी तो उन्हें चेहरे पर बाल होने के चलते ट्रोल किया गया था।

12वीं में किस विषय में कितने आए अंक

प्राची ने यूपी बोर्ड 12वीं में अंग्रेजी विषय को छोड़कर अन्य सभी विषयों में अच्छे अंक हासिल किए हैं। अंग्रेजी में उनके 73 अंक हैं। जबकि गणित में 99, हिंदी में 96, केमिस्ट्री में 95 और फिजिक्स में 93 अंक प्राप्त किए हैं। अगर अंग्रेजी में प्राची के 90 फीसदी से ऊपर अंक आए होते तो वह एक बार फिर मेरिट लिस्ट में जगह बनाने में सफल हो जातीं।

अंग्रेजी में कम अंक आने पर उन्होंने बताया कि उनका फोकस जेईई आईआईटी एंट्रेंस की तरफ रहा है। इसके चलते वह अंग्रेजी विषय पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पाई। यही वजह रही कि उनके नंबर कम हो गए। प्राची आईआईटी से पढ़कर अच्छा इंजीनियर बनना चाहती है।

2 साल पहले प्राची ने ट्रोलर्स को दिया था मुंहतोड़ जवाब

यूपी बोर्ड 10वीं परीक्षा 2024 में टॉप करने वाली प्राची निगम को उनके चेहरों पर उगे बालों को लेकर काफी ट्रोल किया गया। कामयाबी का जश्न इसके चलते फीका हो गया था और वह काफी मायूस हो गई थीं। प्राची ने हतोत्साहित न होकर उनका मजाक उड़ाने वाले लोगों को मुंहतोड़ जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, 'जिन लोगों ने मेरी सूरत पर कमेंट किया, उन्हें भी बधाई, क्योंकि मुझे इन सबसे कोई फर्क नहीं पड़ता है।' प्राची निगम ने ट्रोलिंग पर चाणक्य का भी उदाहरण दिया था। उन्होंने कहा था कि चाणक्य की शक्ल के लिए भी इसी तरह से लोग बातें करते थे, लेकिन उन्होंने उन बातों पर कभी भी ध्यान ही नहीं दिया। उन्होंने अपने टारगेट पर ही हमेशा ध्यान रखा और इसी तरह मेरा भी यही लक्ष्य पर ही ध्यान है। प्राची ने कहा कि आखिरकार मेरे नंबर ही मायने रखते हैं, ना कि मेरा चेहरा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पिता ने टीवी किया खराब, नंदिनी कैसे बनी यूपी बोर्ड 12वीं की 2nd टॉपर

कैसा रहा यूपी बोर्ड 12वीं का रिजल्ट 2026

इस बार यूपी बोर्ड इंटर में 1.58 लाख ससम्मान हुए पास हैं। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में सम्मिलित 24,86,072 परीक्षार्थियों में से 1,58,789 (7.95 प्रतिशत) ससम्मान पास हुए हैं। इनमें 55,553 छात्र और 1,03,236 छात्राएं शामिल हैं। ये वे मेधावी हैं जिन्होंने ओवरऑल 75 प्रतिशत या अधिक अंक हासिल किए हैं। हालांकि पिछले दो सालों की तुलना में ससम्मान पास होने वाले मेधावियों की संख्या में कमी आई है।

पिछले साल 162128 मेधावियों ने ससम्मान परीक्षा पास की थी जबकि 2024 में 218682 मेधावी ससम्मान पास थे। प्रथम श्रेणी में पास होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी कमी हुई है। इस साल 829281 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में पास हुए हैं जबकि पिछले साल 873994 मेधावी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: यूपी बोर्ड 10वीं 12वीं का रिजल्ट यहां करें चेक, देखें टॉपरों की लिस्ट

44.09 फीसदी छात्रों को सेकेंड डिवीजन

इंटर में 881116 (44.09 प्रतिशत) परीक्षार्थियों को द्वितीय श्रेणी में सफलता मिली है। पिछले साल 928247 (44.02 प्रतिशत) जबकि 2024 में 828581 (40.90 फीसदी) द्वितीय श्रेणी में पास हुए थे। उससे पहले 2023 में 43.42 प्रतिशत परीक्षार्थियों को द्वितीय श्रेणी में सफलता मिली थी। 2022 में 42.49 प्रतिशत जबकि 2020 में 53.62 प्रतिशत परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी के साथ पास हुए थे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी बोर्ड 10वीं रिजल्ट जारी, कशिश और अंशिका बनीं हाईस्कूल टॉपर

3.70 प्रतिशत को मिली तृतीय श्रेणी

2026 की इंटर परीक्षा में 73927 (3.70 प्रतिशत) परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में पास हुए हैं। पिछले साल 3.69 फीसदी जबकि 2024 में 3.56 प्रतिशत परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में सफल हुए थे। 2023 में 4.50 प्रतिशत, 2022 में 4.15 फीसदी जबकि 2020 में 6.55 प्रतिशत विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में पास हुए थे।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।