उत्तर प्रदेश में जुलाई से 29 और राजकीय कॉलेज खोलने की तैयारी
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम योजना के तहत 20 महाविद्यालयों का संचालन राजकीय महाविद्यालय के रूप में किए जाने के लिए पद सृजन का प्रस्ताव उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से शासन को भेजा जा चुका है।

उत्तर प्रदेश में एक जुलाई से शुरू होने जा रहे नए सत्र से 29 और राजकीय महाविद्यालय खोलने की तैयारी है। प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम योजना के तहत 20 महाविद्यालयों का संचालन राजकीय महाविद्यालय के रूप में किए जाने के लिए पद सृजन का प्रस्ताव उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से शासन को भेजा जा चुका है। पहले इनका संचालन अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ विभाग को करना था लेकिन अब इन्हें उच्च शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जा रहा है।
इन 20 कॉलेजों में प्रतापगढ़ के दो राजकीय महाविद्यालय गाबी महूआवन और राजकीय महाविद्यालय संडवा चंडिका पूरब गांव शामिल है। इसके अलावा नौ और महाविद्यालय खोलने की तैयारी है। पिछले साल नवनिर्मित 69 राजकीय महाविद्यालयों में से 46 का संचालन ही शुरू हो सका था। इनमें से सात ऐसे हैं जिन्हें संबद्ध महाविद्यालय के रूप में चलाने से राज्य विश्वविद्यालयों ने हाथ खड़े कर दिए हैं। चूंकि इनमें पद सृजन पहले ही हो चुका है इसलिए इन्हें जुलाई से शुरू करने में कोई अड़चन भी नहीं हैं। वहीं 69 राजकीय महाविद्यालयों में से दो राठ हमीरपुर और जमालपुर मिर्जापुर का निर्माण पिछले साल पूरा नहीं होने के कारण पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका था। अब इनका काम लगभग पूरा है और ये भी जुलाई से शुरू होंगे। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. बीएल शर्मा का कहना है कि प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम योजना के तहत 20 राजकीय महाविद्यालयों में पदसृजन का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। वर्तमान में प्रदेश के 216 राजकीय महाविद्यालय संचालित हैं। सहायक निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एसके पांडेय ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन प्रतिशत लगभग 27 है। 2035 तक सकल नामांकन 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
राज्य विवि की परीक्षा में पकड़े गए दस नकलची
प्रयागराज। प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय की सम एवं वार्षिक सेमेस्टर सत्र 2025-26 की परीक्षाएं शुक्रवार को प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर और प्रतापगढ़ के 166 केंद्रों पर तीन पालियों में हुईं। उड़ाका दल ने जांच के दौरान दस छात्रों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा। तीनों पालियों में कुल 15269 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 221 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
कक्ष आवंटन को 31 तक आवेदन
इविवि के केपीयूसी छात्रावास में बीए, बीएससी, बीकॉम द्वितीय सेमेस्टर के छात्रों के लिए छात्रावास आवेदन-पत्र उपलब्ध है। अधीक्षक डॉ. देश दीपक सिंह के अनुसार जो भी छात्र विश्वविद्यालय के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे है, वे 31 मई तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह दस से शाम चार बजे तक छात्रावास कार्यालय में आवेदन शुल्क 100 जमाकर आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।




साइन इन