NEET UG 2026: एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले करना होगा ये जरूरी काम, रिफंड को लेकर NTA का अपडेट
NTA नीट की दोबारा परीक्षा के मद्देनजर फीस रिफंड के सिलसिले में अहम जानकारी साझा की है।

नीट यूजी 2026 की परीक्षा लीक होने के बाद एनटीए ने नीट यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को निर्धारित की है। इसके साथ ही पिछली परीक्षा की फीस के रिफंड किए जाने की प्रक्रिया भी जारी है। इसी कड़ी में एनटीए के उम्मीदवारों के लिए रिफंड प्रक्रिया को लेकर एक नई और अहम गाइडलाइन जारी की है। अगर आप भी इस साल नीट परीक्षा में बैठने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए ही है।
आधिकारिक सूचना के मुताबिक, NTA ने साफ कर दिया है कि जिन भी उम्मीदवारों का कोई रिफंड बनता है, वह पैसा सीधे उनके उसी बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा जिसकी जानकारी उन्होंने आधिकारिक पोर्टल पर अपडेट की होगी। सबसे बड़ी बात यह है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से ठीक पहले आपको अपनी बैंक डिटेल्स को अच्छी तरह से जांचना और वेरिफाई करना होगा, ताकि आगे चलकर आपके पैसे अटकें नहीं।
कैसे करें अपने बैंक अकाउंट को वेरिफाई?
एजेंसी ने छात्रों की सहूलियत के लिए पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी रखा है। इसके लिए आपको किसी साइबर कैफे के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है, बल्कि आप अपने फोन या लैपटॉप से ये चंद आसान स्टेप्स फॉलो कर सकते हैं:
1. वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले आपको नीट की आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाना होगा।
2. लॉगिन करें: इसके बाद अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड या अपनी जन्मतिथि डालकर पोर्टल में लॉगिन करें।
3. सही सेक्शन चुनें: डैशबोर्ड खुलने के बाद 'Bank Account Verification' वाले सेक्शन पर क्लिक करें।
4. डिटेल्स चेक करें: यहां आपको अपना अकाउंट नंबर, बैंक का IFSC कोड और खाताधारक का नाम बेहद बारीकी से चेक करना है। एक भी नंबर की गलती से आपका पैसा किसी और के खाते में जा सकता है या अटक सकता है।
5. सबमिट करें: जब आपको तसल्ली हो जाए कि सारी जानकारी एकदम दुरुस्त है, तो उसे कंफर्म करके सेव कर दें।
गलती हो गई तो घबराने की जरूरत नहीं
अक्सर देखा गया है कि हड़बड़ी में कई बार बच्चे गलत जानकारी भर देते हैं या फिर वेरिफिकेशन करना भूल जाते हैं। ऐसी स्थिति में दिमाग में सबसे पहला खयाल यही आता है कि अब क्या होगा? क्या पैसे डूब जाएंगे? एनटीए ने इस डर को भी खत्म कर दिया है। एजेंसी का कहना है कि अगर आपसे बैंक की जानकारी देने में कोई चूक हो गई है या आप वेरिफिकेशन का स्टेप छोड़ चुके हैं, तो आपको पैनिक होने यानी घबराने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। परीक्षा खत्म होने के बाद NTA सभी छात्रों को अपनी बैंक डिटेल्स सुधारने का एक और मौका देगा।
फ्रॉड और साइबर ठगों से रहें सावधान
आजकल डिजिटल ठगी के मामले बहुत तेजी से बढ़ रहे हैं और ठग अक्सर छात्रों को अपना शिकार बनाते हैं। रिफंड के नाम पर कई बार फर्जी कॉल, मैसेज या वॉट्सऐप पर लिंक आते हैं जिनमें दावा किया जाता है कि वो आपका पैसा तुरंत वापस करवा देंगे। एनटीए ने इसे लेकर एक सख्त चेतावनी जारी की है। छात्रों को साफ तौर पर हिदायत दी गई है कि वो रिफंड प्रक्रिया को तेज करने या वेरिफाई करने का दावा करने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। याद रखें, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी रिफंड के लिए कभी भी आपसे कोई OTP, पासवर्ड, UPI पिन नहीं मांगती है। न ही वो इसके लिए किसी तरह के 'प्रोसेसिंग फीस' की मांग करती है। अगर कोई भी शख्स खुद को NTA का अधिकारी बताकर आपसे ऐसी जानकारी मांगता है, तो समझ लीजिए कि वो एक फ्रॉड है।
किसी भी उलझन में यहां करें संपर्क
अगर आपको फॉर्म भरने, बैंक डिटेल अपडेट करने या रिफंड को लेकर कोई भी तकनीकी दिक्कत आ रही है, तो किसी और से पूछने के बजाय सीधे एनटीए के आधिकारिक हेल्पडेस्क से संपर्क करें। छात्र ईमेल आईडी neetug2026@nta.ac.in पर अपनी शिकायत लिख सकते हैं या फिर हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, किसी भी ताजा अपडेट के लिए हमेशा आधिकारिक वेबसाइट www.nta.ac.in पर ही भरोसा करें।




साइन इन