khan sir patna civil court anticipatory bail coaching controversy viral video how to get bail गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने ले लिया अपने ज्ञान का सहारा, जिस विषय को पढ़ाया, वही आ रहा काम, Career Hindi News - Hindustan
More

गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने ले लिया अपने ज्ञान का सहारा, जिस विषय को पढ़ाया, वही आ रहा काम

Khan Sir News : फायरिंग केस में मशहूर कोचिंग गुरु खान सर पुलिस के सामने सरेंडर नहीं करेंगे बल्कि अदालत से अग्रिम जमानत की मांग करेंगे। खान सर के वकील ने इस बात की जानकारी दी है।

Sat, 6 June 2026 04:05 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
गिरफ्तारी से बचने के लिए खान सर ने ले लिया अपने ज्ञान का सहारा, जिस विषय को पढ़ाया, वही आ रहा काम

Khan Sir News : पटना वाले जिस खान सर के पढ़ाने के अनूठे और मजेदार अंदाज का पूरा हिंदुस्तान मुरीद है आज वही खान सर कानून के गहरे पचड़े में बुरी तरह से फंसते नजर आ रहे हैं। कभी क्लासरूम में खड़े होकर अपने छात्रों को कानून और पुलिस के दांव-पेंच सिखाने वाले खान सर को आज खुद उसी कानूनी ज्ञान की सबसे ज्यादा जरूरत पड़ गई है। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग और बवाल के बाद उन पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई है। पुलिस की दबिश और गिरफ्तारी की लटकती तलवार के बीच यह अहम खबर सामने आई है कि खान सर अपने वकील के जरिए एंटीसिपेटरी बेल (अग्रिम जमानत) की अर्जी दायर करने की तैयारी कर रहे हैं।

खुद का पढ़ाया ज्ञान ही आ रहा है काम

इस पूरे बवाल के बीच सोशल मीडिया पर एक बड़ा ही अजीब इत्तेफाक देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां पटना पुलिस खान सर की सरगर्मी से तलाश में जुटी थी, तो वहीं दूसरी तरफ उनका एक पुराना वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैलने लगा। इस वायरल वीडियो में खान सर बड़े ही इत्मीनान से अपने छात्रों को यह समझा रहे हैं कि अगर कभी एफआईआर दर्ज हो जाए और गिरफ्तारी की नौबत आ जाए, तो उससे कैसे बचा जा सकता है। वह कहते सुने जा सकते हैं, "जैसे ही आपको भनक लगे कि पुलिस आपको पकड़ने वाली है, तो सीधे जज साहब के पास जाइए और एंटीसिपेटरी बेल यानी अग्रिम जमानत मांग लीजिए।"

उन्होंने अपने उसी चिर-परिचित और ठेठ अंदाज में छात्रों को समझाया था कि जज के सामने जाकर अपनी बात कैसे रखनी चाहिए। वीडियो में वो बता रहे हैं, "जज साहब से कहिए कि मैं आपके सामने हाजिर हूं, मेरे अंदर कोई चोर नहीं छिपा है। मैं दो गवाह भी लाया हूं। आप बस मुझे जमानत दे दीजिए, मैं अपना केस लड़ लूंगा पर मुझे जेल न भेजें।" आज किस्मत का पहिया कुछ यूं घूमा है कि खान सर को खुद पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उसी अग्रिम जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ESIC स्पेशल कोटे से MBBS, BDS के एडमिशन शुरू, 783 सीटें, फीस 24000

आखिर कहां से शुरू हुआ ये पूरा बवाल?

इस पूरी कानूनी उलझन और हंगामे की जड़ में पटना के कोचिंग संस्थानों की आपसी खींचतान और वर्चस्व की लड़ाई छिपी है। दरअसल, जब से बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट सामने आया है, तब से ही खान सर के संस्थान और पटना की ही एक दूसरी मशहूर कोचिंग 'ज्ञान बिंदु एकेडमी' के बीच विवाद सुलग रहा था। यह जुबानी जंग तब एक खौफनाक मोड़ ले बैठी जब मंगलवार की देर रात खान सर के कोचिंग सेंटर पर कुछ लोगों ने अचानक धावा बोल दिया, जहां जमकर तोड़फोड़ की गई और पथराव हुआ। इस घटना के बाद पटना पुलिस फौरन हरकत में आई और ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी सिपाही परीक्षा: जानें जरूरी नियम, यहां की गलती तो नहीं मिलेगी एंट्री

फिर आया कहानी में बड़ा ट्विस्ट

सबको लगा कि शायद अब मामला यहीं शांत हो जाएगा, लेकिन अगले ही दिन कहानी पूरी तरह पलट गई। ज्ञान बिंदु की तरफ से उसी रात का एक सीसीटीवी फुटेज जारी कर दिया गया। इस वीडियो ने पूरे केस का रुख ही मोड़ कर रख दिया। फुटेज में साफ नजर आ रहा था कि बवाल के दौरान खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में ताबड़तोड़ फायरिंग कर रहे हैं। शुरुआत में 2 जून को तो पुलिस किसी भी तरह की गोलीबारी होने से साफ इनकार कर रही थी। लेकिन 4 जून को जैसे ही यह फायरिंग का वीडियो पब्लिक डोमेन में आया, पुलिस को अपना स्टैंड बदलना पड़ा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस राज्य में 10वीं और 12वीं टॉपर्स को मिलते हैं 2-2 लाख रुपये, जानें पूरा प्लान

इसके बाद दूसरी एफआईआर दर्ज हुई, जिसमें बकायदा फायरिंग की बात कबूली गई और खान सर के साथ-साथ उनके दोनों गार्ड्स को भी आरोपी बना दिया गया। वीडियो की सच्चाई परखने के बाद पुलिस ने दोनों गार्ड्स को तो फौरन धर दबोचा, और इसी के साथ खान सर पर भी जेल जाने का खतरा मंडराने लगा।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।