इस राज्य में 10वीं और 12वीं टॉपर्स को मिलते हैं 2-2 लाख रुपये, सम्मानित छात्र हुए गदगद, जानें क्या है योजना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान कर सम्मानित किया है। चलिए जानते हैं कि क्या है यह योजना।

हाल ही में सभी बोर्ड ने एग्जाम रिजल्ट जारी किए हैं। कई ऐसे राज्य सरकारे हैं, जो मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद मुहैया कराती हैं। इन्हीं में से एक राज्य छत्तीसगढ़ हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत बोर्ड परीक्षा के टॉपर्स को 2 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान कर सम्मानित किया है। चलिए जानते हैं कि क्या है यह योजना।
क्या है यह योजना
छत्तीसगढ़ राज्य के श्रम विभाग ने 6 जनवरी 2012 को भवन एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े श्रमिकों के बच्चों के लिए "मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना" शुरू की थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करना है।
2026 में सम्मानित हुए मेधावी छात्र
साल 2026 की बोर्ड परीक्षा में शामिल तनिषा साहू को योजना के तहत सम्मानित किया गया है, जो गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम देवरी की निवासी हैं। वो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोंड में कक्षा 12वीं की गणित संकाय की छात्रा है। उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि मेरी मां श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिक हैं। मैंने 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं और कक्षा 12वीं की मेरिट सूची में आठवां स्थान हासिल किया है। मुझे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी द्वारा 1 लाख रुपये की सम्मान राशि दी गई है। इसके अलावा दोपहिया स्कूटर के लिए भी 1 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की गई है।
एक अन्य छात्रा बबीता पटेल ने कहा, “मैंने 12वीं कक्षा में 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। मैं रायगढ़ जिले से हूं और मेरा विद्यालय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, तरेकेला है। मुझे 10वीं कक्षा में भी श्रम विभाग से सम्मान राशि मिली थी, जिसका उपयोग मैंने अपनी पढ़ाई के लिए किया था। मैंने उस राशि से एक वाहन भी खरीदा था, जिससे मुझे दूसरे गांव में जाकर कक्षाएं लेने में सुविधा हुई। मेरा सपना भविष्य में कलेक्टर बनने का है, इसलिए मैं इस राशि का उपयोग कोचिंग के लिए करूंगी। मैं राज्य सरकार और श्रम विभाग का धन्यवाद करती हूं।”
योजना से लाभ
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की राज्य स्तरीय परीक्षाओं में टॉप 10 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और दोपहिया वाहन के लिए 1 लाख रुपये की अतिरिक्त अनुदान राशि दी जाएगी।
कौन से छात्र हैं पात्र
राज्य में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के केवल पहले दो बच्चे ही इस योजना का लाभ पाने के पात्र हैं।
योजना का लाभ प्रत्येक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार दिया जाएगा।
यदि कोई छात्र कोर्स पूरा करने से पहले पढ़ाई छोड़ देता है, तो उसे बोर्ड द्वारा दी गई पूरी ट्यूशन फीस वापस जमा करनी होगी।
विदेश में पढ़ाई के लिए किसी अन्य स्रोत (केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य योजना सहित) से आर्थिक सहायता प्राप्त करने वाले छात्र इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के टॉप 10 स्टूडेंट्स के लिए:
लाभ केवल उन छात्रों को मिलेगा जो बोर्ड रिजल्ट की सूची में पहले 10 स्थानों में शामिल होंगे।
बोर्ड में 90 दिन पहले पंजीकरण होना अनिवार्य है।




साइन इन