up police constable exam 2026 guidelines reporting time admit card documents entry rules UP Police Constable Exam 2026 : यूपी सिपाही परीक्षा से पहले जानें जरूरी नियम, यहां की गलती तो नहीं मिलेगी एंट्री, Career Hindi News - Hindustan
More

UP Police Constable Exam 2026 : यूपी सिपाही परीक्षा से पहले जानें जरूरी नियम, यहां की गलती तो नहीं मिलेगी एंट्री

UP Police Constable Exam 2026 के लिए 8 से 10 जून तक परीक्षा होगी। इस परीक्षा के लिए जरूरी गाइडलाइन जारी किए गए हैं, जिन्हें इस परीक्षा में हिस्सा ले रहे परीक्षार्थियों को जानना जरूरी है।

Sat, 6 June 2026 03:47 PMHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share
UP Police Constable Exam 2026 : यूपी सिपाही परीक्षा से पहले जानें जरूरी नियम, यहां की गलती तो नहीं मिलेगी एंट्री

UP Police Constable Exam 2026 : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की बात हो और पुलिस की खाकी वर्दी का जिक्र न हो ऐसा शायद ही कभी होता है। लाखों युवा यूपी पुलिस में भर्ती होकर वर्दी पहनने का सपना देखते हैं और उसके लिए महीनों नहीं बल्कि कई-कई साल तक तैयारी करते हैं। अब उन लाखों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म होने वाला है क्योंकि यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8 जून से शुरू हो रही है। परीक्षा की तारीख करीब आते ही उम्मीदवारों के मन में कई सवाल उठने लगते हैं। कौन सा दस्तावेज लेकर जाना है, सेंटर पर कितनी देर पहले पहुंचना होगा, अगर देर हो गई तो क्या होगा, क्या गलत जवाब पर नंबर कटेंगे, क्या एग्जाम सेंटर बदला जा सकता है? ऐसे तमाम सवालों को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। इसी को देखते हुए भर्ती बोर्ड ने परीक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण गाइडलाइन जारी की हैं। उम्मीदवारों के लिए इन नियमों को समझना बेहद जरूरी है ताकि परीक्षा वाले दिन किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

तीन दिन चलेगी भर्ती परीक्षा

यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 8 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। लाखों उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होंगे। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए परीक्षा कई केंद्रों पर कराई जा रही है।

दो शिफ्ट में होगा इम्तिहान

भर्ती बोर्ड ने परीक्षा को दो शिफ्टों में आयोजित करने का फैसला किया है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। हर शिफ्ट के लिए उम्मीदवारों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा।

रिपोर्टिंग टाइम का खास रखें ध्यान

भर्ती बोर्ड ने साफ कर दिया है कि तय समय के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुबह की शिफ्ट वाले अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे के बीच केंद्र पहुंचना होगा। दोपहर की शिफ्ट वाले उम्मीदवारों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे के बीच पहुंचना होगा। जिन उम्मीदवारों का आधार सत्यापन पहले से नहीं हुआ है या आवेदन के समय आधार की जानकारी नहीं दी गई थी, उन्हें और पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।

एडमिट कार्ड और पहचान पत्र जरूरी

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके साथ उम्मीदवारों को अपना मूल आधार कार्ड भी साथ रखना होगा। अगर आवेदन के समय आधार की जानकारी नहीं दी गई थी, तो उम्मीदवार को आधार के अलावा कोई अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र भी दिखाना होगा। बिना वैध पहचान पत्र के केंद्र में प्रवेश मिलने में दिक्कत हो सकती है।

एग्जाम सेंटर बदलने की मांग नहीं होगी स्वीकार

कई उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र घर से काफी दूर आया है। ऐसे में सबसे ज्यादा पूछा जाने वाला सवाल यही है कि क्या सेंटर बदला जा सकता है? भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि एक बार आवंटित परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों को उसी केंद्र पर परीक्षा देनी होगी जो एडमिट कार्ड में दिया गया है।

ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा

इस बार परीक्षा कंप्यूटर आधारित नहीं होगी। उम्मीदवारों को प्रश्न पत्र और ओएमआर शीट दी जाएगी। सभी उत्तर ओएमआर शीट पर भरने होंगे। इसके लिए काला या नीला बॉल पेन साथ रखना जरूरी है।

हिंदी और अंग्रेजी दोनों में मिलेगा प्रश्न पत्र

भाषा को लेकर उम्मीदवारों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा। अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार सवाल पढ़ सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभीजित दिपके कितने पढ़े-लिखे हैं?

बायोमेट्रिक जांच से होगी पहचान

नकल और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सख्त इंतजाम किए गए हैं। हर उम्मीदवार की बायोमेट्रिक जांच की जाएगी। इसके तहत उंगलियों के निशान और फोटो का मिलान किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को जांच प्रक्रिया में पूरा सहयोग करना होगा।

ये सामान बिल्कुल न ले जाएं

भर्ती बोर्ड ने परीक्षा केंद्र के लिए सख्त नियम बनाए हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नोट्स, कागज या किसी भी तरह की संदिग्ध सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवार केवल एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और बॉल पेन ही साथ रखें।

गलत जवाब पर नंबर नहीं कटेंगे

उम्मीदवारों के लिए सबसे राहत भरी खबर यह है कि इस परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है। मतलब अगर कोई जवाब गलत हो जाता है तो उसके लिए अतिरिक्त अंक नहीं काटे जाएंगे। ऐसे में उम्मीदवार अधिक से अधिक प्रश्न हल करने की कोशिश कर सकते हैं।

परीक्षा खत्म होने से पहले नहीं निकल सकेंगे बाहर

कई बार उम्मीदवार समय से पहले पेपर पूरा कर लेते हैं। लेकिन इस परीक्षा में निर्धारित समय से पहले परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को कक्ष निरीक्षक के निर्देशों का पालन करना होगा और परीक्षा समाप्त होने तक अपनी सीट पर बने रहना होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीबीएसई बोर्ड ने री-इवैल्यूएशन में किया बड़ा बदलाव, OnMark प्लेटफॉर्म हटाया

परेशानी होने पर यहां मिलेगी मदद

अगर एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से जुड़ी किसी अन्य जानकारी में दिक्कत आती है तो उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की हेल्पडेस्क से संपर्क कर सकते हैं।

  • हेल्पलाइन नंबर: 08064526226
  • ईमेल: helpdeskupcons2025@gmail.com

साथ ही सभी ताजा सूचनाओं के लिए उम्मीदवारों को भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर बनाए रखनी चाहिए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ESIC स्पेशल कोटे से MBBS, BDS के एडमिशन शुरू, 783 सीटें, फीस 24000

उम्मीदवारों के लिए जरूरी सलाह

परीक्षा से एक दिन पहले सभी जरूरी दस्तावेज तैयार कर लें। एडमिट कार्ड की अतिरिक्त प्रतियां अपने पास रखें। परीक्षा केंद्र का रास्ता पहले से देख लें और रिपोर्टिंग टाइम से पहले पहुंचने की कोशिश करें। भर्ती बोर्ड की गाइडलाइन का पालन करने वाले उम्मीदवारों को परीक्षा वाले दिन किसी भी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।