CBSE 10th Exam 2026: सीबीएसई 10वीं दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए 18 मार्च से जमा होगी LOC, पढ़ें नई गाइडलाइंस
CBSE Class 10th Second Board Exam 2026: सीबीएसई 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए 'दो बार बोर्ड परीक्षा' के लिए 'एलओसी' (उम्मीदवारों की लिस्ट) जमा करने का शेड्यूल और फीस का विवरण जारी किया है, सीबीएसई अब दोहरी परीक्षा प्रणाली के लिए पूरी तरह तैयार है।

CBSE Class 10 Second Board Exam 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्कूली शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 10वीं कक्षा के छात्रों के लिए 'दो बार बोर्ड परीक्षा' की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसका मतलब है कि 2026 में जो छात्र 10वीं की परीक्षा देंगे, उन्हें अपने अंकों में सुधार करने या किसी कारणवश मुख्य परीक्षा छूट जाने पर साल बर्बाद होने से बचाने का एक अतिरिक्त अवसर मिलेगा। स्कूलों को एलओसी पोर्टल पर छात्रों का विवरण और उनके द्वारा चुने गए विषयों की जानकारी सटीक रूप से भरनी होगी।
हाल ही में बोर्ड ने इस नई व्यवस्था के लिए 'एलओसी' (उम्मीदवारों की लिस्ट) जमा करने का शेड्यूल और फीस का विवरण जारी किया है, जिससे यह स्पष्ट हो गया है कि सीबीएसई अब दोहरी परीक्षा प्रणाली के लिए पूरी तरह तैयार है।
मई-जून 2026 में होगी दूसरी परीक्षा
सीबीएसई की नई योजना के अनुसार, पहली मुख्य बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 में आयोजित की जाएगी। इसके तुरंत बाद, जो छात्र अपने प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं होंगे या किसी विषय में कम अंक प्राप्त करेंगे, वे मई-जून 2026 में आयोजित होने वाली दूसरी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसे 'इंप्रूवमेंट एग्जाम' या 'सेकंड बोर्ड एग्जाम' के तौर पर देखा जा रहा है। बोर्ड का उद्देश्य छात्रों के मेंटल स्ट्रेस को कम करना और उन्हें अपनी प्रतिभा सुधारने का एक और मौका देना है।
एलओसी (LOC) जमा करने का शेड्यूल
बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे दूसरी परीक्षा के लिए पात्र छात्रों की लिस्ट (LOC) समय पर जमा करें। एलओसी (LOC) जमा करने की प्रक्रिया को तीन चरणों में विभाजित किया गया है: पहला चरण 18 से 31 मार्च 2026 तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण परिणाम जारी होने के बाद 5 दिनों की विंडो के रूप में खुलेगा। तीसरा और अंतिम चरण परिणाम के 7 दिन बाद 2 दिनों की लेट फीस विंडो के साथ उपलब्ध होगा। स्कूलों को प्रत्येक चरण की निर्धारित समयसीमा के भीतर ऑनलाइन शुल्क जमा करना अनिवार्य है। ध्यान रहे कि अंतिम दिन रात 12 बजे के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सीबीएसई बोर्ड ने सेकेंड एग्जाम के लिए परीक्षा शुल्क और लेट फीस निर्धारित कर दी है। इसके तहत भारत के छात्रों को 320 रुपये प्रति विषय (तीन विषयों हेतु 960 रुपये), नेपाल के छात्रों को 1100 रुपये प्रति विषय और अन्य देशों के छात्रों को 2200 रुपये प्रति विषय का भुगतान करना होगा। यदि कोई छात्र निर्धारित समयसीमा के भीतर आवेदन करने में चूक जाता है, तो उसे अनिवार्य रूप से 2000 रुपये की लेट फीस देनी होगी। स्कूलों को यह शुल्क समय पर जमा करना सुनिश्चित करना चाहिए।
किसे मिलेगा फायदा और क्या होंगे नियम?
सीबीएसई की इस नई नीति के तहत छात्र अधिकतम दो विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा में बैठ सकते हैं। यदि कोई छात्र सभी विषयों में परीक्षा देना चाहता है, तो उसके लिए अलग से दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि दोनों परीक्षाओं में से जिस परीक्षा में छात्र के बेहतर अंक होंगे, उसे ही अंतिम मार्कशीट में शामिल किया जाएगा।
यह कदम 'राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020' (NEP 2020) की सिफारिशों के अनुरूप है, जो रटकर सीखने के बजाय छात्रों के कौशल और समझ को परखने पर जोर देती है।




साइन इन