वेदांता की 4 कंपनियां शेयर बाजार में होंगी लिस्ट, कब से कर सकेंगे ट्रेडिंग?
वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड, तलवंडी साबो पावर लिमिटेड, माल्को एनर्जी लिमिटेड और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड की शेयर बाजार में लिस्टिंग होने वाली है। ऐसे में अब निवेशकों को लिस्टिंग का इंतजार है।

Vedanta demerger news: माइनिंग की दिग्गज कंपनी वेदांता ने अपने डी-मर्जर प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। इसके तहत वेदांता ने चार नई कंपनियां बनाई हैं। ये चार कंपनियां- वेदांता एल्युमीनियम मेटल लिमिटेड, तलवंडी साबो पावर लिमिटेड, माल्को एनर्जी लिमिटेड और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड हैं। निवेशक अब इन कंपनियों की BSE और NSE पर अलग से लिस्टिंग का इंतजार कर रहे हैं। सवाल है कि आखिर ये लिस्टिंग कब तक होगी, आइए डिटेल में समझते हैं।
कब तक लिस्टिंग का अनुमान?
पिछले हफ्ते तिमाही नतीजों की घोषणा के बाद एक इन्वेस्टर कॉल के दौरान वेदांता रिसोर्सेज की CEO देशनी नायडू ने लिस्टिंग को लेकर एक अहम जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि कंपनी अगले हफ्ते स्टॉक एक्सचेंजों में अपनी अलग हुई इकाइयों की लिस्टिंग की मंजूरी के लिए आवेदन करेगी और उम्मीद है कि शेयर जून के मध्य तक लिस्ट हो जाएंगे और उनमें ट्रेडिंग शुरू हो जाएगी।
वेदांता के निवेशकों को क्या मिला?
अप्रैल में वेदांता ने घोषणा की थी कि हर योग्य शेयरधारक को पैरेंट कंपनी में रखे हर शेयर के बदले वेदांता एल्युमीनियम मेटल, तलवंडी साबो पावर (जिसका नाम बदलकर वेदांता पावर किया जाएगा), माल्को एनर्जी (जिसका नाम बदलकर वेदांता ऑयल एंड गैस किया जाएगा) और वेदांता आयरन एंड स्टील का एक-एक शेयर मिलेगा। बता दें कि डीमर्जर के लिए 1 मई को रिकॉर्ड डेट तय की गई थी।
हालांकि, महाराष्ट्र दिवस के कारण उस दिन बाजार बंद था, इसलिए कंपनी के शेयरों की कीमत 30 अप्रैल को ही डीमर्जर के हिसाब से एडजस्ट हो गई। चार नई अलग हुई कंपनियों के शेयर पाने के हकदार शेयरधारक वेदांता के शेयरों की ट्रेडिंग जारी रख सकते हैं। हालांकि, इन नई कंपनियों की वैल्यू अभी प्राइस-डिस्कवरी के दौर से गुजर रही है। कहने का मतलब है कि निवेशक अभी इन शेयरों की ट्रेडिंग नहीं कर सकते जबकि वेदांता के शेयर की कीमत डीमर्जर के बाद पहले ही कम हो चुकी है।
नुवामा का क्या कहना है?
ब्रोकरेज नुवामा इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने हाल की एक रिपोर्ट में कहा कि चार लिस्टिंग की सटीक तारीखें अभी तक पता नहीं हैं लेकिन टाटा मोटर्स CV, सीमेंस एनर्जी, ITC होटल्स, Jio फाइनेंशियल सर्विसेज, पिरामल फार्मा और NMDC स्टील जैसे हाल के बड़े डी-मर्जर यह संकेत देते हैं कि लिस्टिंग की समय-सीमा 3 हफ्तों से लेकर कई महीनों तक हो सकती है। यह पूरी तरह से रेगुलेटरी और ऑपरेशनल फैक्टर पर निर्भर करती है।
वेदांता के शेयर की कीमत और टारगेट प्राइस
वेदांता के शेयर की कीमत लगातार बढ़ रही है। डी-मर्जर के बाद मंगलवार को शेयर में 3% उछाल आया और भाव 306 रुपये पहुंच गया। नुवामा ने इस शेयर के लिए ₹336 प्रति शेयर का टारगेट प्राइस तय किया है। इसके साथ ही नुवामा ने जल्द ही लिस्ट होने वाली अलग हुई कंपनियों के लिए टारगेट प्राइस तय किए हैं। ब्रोकरेज ने वेदांता(जिंक और कॉपर) की वैल्यू ₹336/शेयर, एल्युमीनियम की ₹477/शेयर, ऑयल और गैस की ₹47/शेयर, स्टील और आयरन की ₹30/शेयर और पावर की ₹47/शेयर रहने का अनुमान लगाया है।




साइन इन