250 रुपये तक जा सकता है टाटा का यह शेयर, 15 मई को डिविडेंड पर फैसला
इंट्रा-डे में टाटा स्टील के शेयर की कीमत 219 रुपये के पार चली गई। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि टाटा स्टील के शेयर 250 रुपये तक जा सकते हैं। 15 मई को कंपनी एक अहम बैठक बुलाने वाली है।

Tata Steel share target: सप्ताह के चौथे दिन गुरुवार को जब शेयर बाजार में मुनाफावसूली वाला माहौल था तब टाटा ग्रुप की कंपनी- टाटा स्टील के शेयर ने अपने 52 हफ्ते का बेस्ट परफॉर्मेंस दिया। इंट्रा-डे में टाटा स्टील के शेयर की कीमत 219 रुपये के पार चली गई। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। शेयर की क्लोजिंग 217 रुपये पर हुई। इस बीच, टाटा स्टील ने बोर्ड मीटिंग की तारीख का ऐलान भी कर दिया है। इसके साथ ही निवेशकों को डिविडेंड देने पर भी विचार होगा।
क्या कहा कंपनी ने?
टाटा स्टील लिमिटेड ने स्टॉक एक्सचेंज को सूचित किया है कि कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक 15/05/2026 को निर्धारित है। इस बैठक में अन्य बातों के साथ 31 मार्च 2026 को समाप्त तिमाही के लिए ऑडिट किए गए स्टैंडअलोन और बिना ऑडिट किए गए कंसोलिडेटेड वित्तीय विवरण और परिणाम पर मुहर लेगी। इसके अलावा 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए डिविडेंड (यदि कोई हो) की सिफारिश की जाएगी।
शेयर पर ब्रोकरेज बुलिश
टाटा स्टील शेयर को लेकर घरेलू ब्रोकरेज मोतीलाल ओसावाल को भरोसा है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि शेयर निवेशकों को बड़ा मुनाफा देगा। ब्रोकरेज मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि टाटा स्टील के शेयर 250 रुपये तक जा सकते हैं। ब्रोकरेज ने अपने एक नोट में कहा- हमारा मानना है कि सेफगार्ड ड्यूटी की वजह से कीमतों में हुई बढ़ोतरी के चलते टाटा स्टील का घरेलू कारोबार आने वाले कुछ समय से लेकर मध्यम अवधि तक बेहतर प्रदर्शन करेगा। ड्यूटी लगने के बाद इंपोर्ट में कमी आने से, घरेलू स्टील कंपनियों को बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिल सकती है।
टाटा समूह की यह कंपनी लंबी अवधि के अवसरों का फायदा उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है। ब्रोकरेज ने कहा कि रेगुलेटरी मदद और लागत बचाने के उपायों की वजह से EU कारोबार में धीरे-धीरे आ रहा सुधार, कंपनी के कुल प्रदर्शन को मजबूती देगा। मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि टाटा स्टील के शेयर पर हम अपनी BUY रेटिंग बनाए रखते हैं। इस शेयर का टारगेट प्राइस 250 रुपये है।
कच्चे इस्पात का उत्पादन
हाल ही में टाटा स्टील ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भारत में उसका कच्चे इस्पात का उत्पादन आठ प्रतिशत बढ़कर 2.34 करोड़ टन रहा, जो अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन है। उत्पादन में यह वृद्धि मुख्य रूप से कंपनी के कलिंगनगर प्लांट में ऑपरेशन बढ़ने के कारण हुई है। टाटा स्टील का वित्त वर्ष 25-26 की चौथी तिमाही में कच्चे इस्पात का उत्पादन पिछले साल की समान तिमाही के 54.4 लाख टन से बढ़कर 62.5 लाख टन हो गया। उत्पादन के साथ-साथ भारत में कंपनी की सालाना आपूर्ति भी बढ़कर 2.25 करोड़ टन तक पहुंच गई।




साइन इन