सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से नाल्को तक... डिविडेंड के लिए फटाफट खरीदें ये 10 शेयर
शेयर बाजार में लिस्टेड 10 कंपनियां डिविडेंड देने वाली हैं। इसके लिए पात्रता उन्हीं निवेशकों को मिलेगी, जिनके पास 7 मई यानी आज की तारीख में कंपनी के शेयर होंगे। आइए डिटेल में जान लेते हैं।

शेयर बाजार में डिविडेंड का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, कुल 10 कंपनियों के शेयर 8 मई को अपने-अपने डिविडेंड के लिए एक्स-रिकॉर्ड डेट पर पहुंच जाएंगे। ऐसे में SEBI के T+1 सेटलमेंट नियम के तहत निवेशकों के पास डिविडेंड पाने का आखिरी मौका है। अगर 7 मई यानी गुरुवार को कोई ट्रेडर इन कंपनियों के शेयर खरीदता है तो वो डिविडेंड पाने के पात्र हो सकता है। आइए जानते हैं कि किन कंपनियों के शेयर को खरीदने पर डिविडेंड का तोहफा मिलेगा।
क्या होता है डिविडेंड?
डिविडेंड की बात करें तो यह किसी कंपनी के मुनाफे का वह हिस्सा होता है, जिसे कंपनी अपने शेयरधारकों के साथ बांटती है। जब कोई कंपनी अच्छा मुनाफा कमाती है तो कई बार उस पैसे को डिविडेंड के रूप में बांट देती है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से नाल्को तक
सार्वजनिक क्षेत्र के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, लॉरस लैब्स, NALCO और प्रीमियर एनर्जीज के शेयर खरीदते हैं तो डिविडेंड पाने के हकदार हो सकते हैं। बीते अप्रैल महीने में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने वित्त वर्ष 2026 के लिए हर 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर पर 0.60 रुपये (6%) का चौथा अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था। इसके लिए 8 मई को रिकॉर्ड डेट तय की गई थी।
वहीं, लॉरस लैब्स ने भी अप्रैल में वित्त वर्ष 2026 के लिए हर 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 1.20 रुपये (60%) का दूसरा अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया था। यह डिविडेंड, योग्य शेयरहोल्डर्स को 20 मई या उसके बाद दिया जाएगा। नेशनल एल्युमीनियम कंपनी (NALCO) की बात करें तो वित्त वर्ष 2026 के लिए हर 5 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 2 रुपये (40%) के डिविडेंड का ऐलान किया था। वहीं, प्रीमियर एनर्जीज ने हर 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर 0.75 रुपये (75%) का डिविडेंड देने का ऐलान किया है।
SNL बेयरिंग्स दे रही 15 रुपये का डिविडेंड
इनके अलावा इंडस्ट्रियल बेयरिंग बनाने वाली SNL बेयरिंग्स सबसे ज्यादा 15 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देगी। वहीं, KSB लिमिटेड 4.40 रुपये प्रति शेयर, सोमानी Ceramics 4 रुपये प्रति शेयर और सुंदरम फास्टनर्स 4.25 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड दे रही हैं। इसके अलावा Omax ऑटो 2.5 रुपये प्रति शेयर और रामकृष्ण फोर्जिंग्स 1 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है।
कुल मिलाकर, अगर कोई शेयरधारक आज इन 10 कंपनियों में से हर एक का एक शेयर खरीदता है तो वह कुल मिलाकर लगभग 36 रुपये के डिविडेंड का हकदार होगा। यह ध्यान रखना जरूरी है कि इन कंपनियों के पेमेंट की तारीखें अलग-अलग हैं।




साइन इन