टाटा के सुस्त शेयर ने 11% से अधिक की लगाई छलांग, Q4 रिजल्ट से गदगद निवेशक, मिलेगा 11.70 रुपये डिविडेंड
टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड (Tata Technologies) के शेयरों की कीमतों में आज 11 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है। निवेशक तिमाही नतीजों से गदगद नजर आ रहे हैं।

tata group stock: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड (Tata Technologies) के शेयरों की कीमतों आज मंगलवार को 11 प्रतिशत से अधिक की तेजी देखने को मिली है। इस उछाल के बाद कंपनी के शेयरों का भाव बीएसई में 659.65 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया है। बता दें, टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड ने तिमाही नतीजों के साथ-साथ डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
कितना रहा नेट प्रॉफिट (Tata Technologies Q4 results 2026)
टाटा टेक्नोलॉजी की तरफ से दी जानकारी में बताया गया है कि जनवरी से मार्च तिमाही के दौरान कुल नेट प्रॉफिट 204.17 करोड़ रुपये रहा है। जोकि सालाना आधार पर 8.1 प्रतिशत बढ़ा है। एक साल पहले इसी वित्त वर्ष में कंपनी का नेट प्रॉफिट 188.87 करोड़ रुपये रहा था।
रेवन्यू की बात करें तो मार्च क्वार्टर में यह 22.29 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद 1572.22 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। इसके पहले के वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में यह कंपनी का रेवन्यू 1285.65 करोड़ रुपये रहा था। बता दें, तिमाही दर तिमाही के आधार पर कंपनी के रेवन्यू में 15.10 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
पिछले वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही में Tata Technologies का EBITDA 252.10 करोड़ रुपये रहा है। जोकि सालाना आधार पर 8 प्रतिशत अधिक है।
डिविडेंड दे रही है कंपनी (Tata Technologies dividend annoucement)
टाटा टेक्नोलॉजी ने तिमाही नतीजों के साथ-साथ डिविडेंड का भी ऐलान किया है। कंपनी ने बताया है कि 8.35 रुपये प्रति शेयर फाइनल डिविडेंड दिया जाएगा। वहीं, एक शेयर पर 3.35 रुपये का स्पेशल डिविडेंड दिया जाएगा। 2 रुपये के फेस वैल्यू वाले एक शेयर पर योग्य निवेशकों को 11.70 रुपये का फायदा होगा।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा? (Tata Technologies share performance)
बीते एक महीने के दौरान Tata Technologies के शेयरों की कीमतों में 19.20 प्रतिशत की तेजी आई है। हालांकि, इसके बाद भी एक साल में यह स्टॉक 3 प्रतिशत से अधिक टूट चुका है। बता दें, टाटा टेक्नोलॉजी का 52 वीक हाई 797 रुपये और 52 वीक लो लेवल 507.50 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 26281 करोड़ रुपये का है।
टाटा टेक्नोलॉजी के शेयरों की कीमतों में दो साल में 40 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। बता दें, आज की तेजी पोजीशनल निवेशकों को लिए बड़ी राहत का काम करेगा।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें। लाइव हिन्दुस्तान यहां प्रस्तुत जानकारी के आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)




साइन इन