₹50 से कम के शेयर का धमाल, घाटे के बावजूद 10% की उछाल
MIC Electronics को ₹18.35 करोड़ का नेट लॉस हुआ है। इसके बावजूद बाजार में आई तेजी के चलते यह उड़ान भर रहा है। वहीं, इस शेयर ने 5 साल में 1300% से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है, जिससे यह निवेशकों के रडार पर बना हुआ है।

शेयर मार्केट में आज तूफानी तेजी के बीच ₹50 से कम कीमत वाला स्मॉल-कैप स्टॉक MIC इलेक्ट्रॉनिक्स बुधवार, 29 अप्रैल को करीब 10% तक उछल गया। घरेलू शेयर बाजार में मजबूत खरीदारी और ग्लोबल संकेतों के सपोर्ट से इस स्टॉक में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
Q4 में घाटा, लेकिन ऑपरेशनल स्तर पर मजबूत
कंपनी के मार्च तिमाही नतीजों पर नजर डालें तो MIC Electronics को ₹18.35 करोड़ का नेट लॉस हुआ। हालांकि, यह घाटा मुख्य रूप से एक बार के टैक्स एडजस्टमेंट की वजह से आया है।
ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा। राजस्व 13.3% बढ़कर ₹51 करोड़ पहुंच गया, जबकि EBITDA 60% उछलकर ₹13 करोड़ हो गया। मार्जिन भी 18.5% से बढ़कर 26.2% हो गया, जो लागत नियंत्रण और बेहतर निष्पादन को दिखाता है।
1 महीने में 40% का दमदार रिटर्न
MIC Electronics का शेयर बुधवार को ₹41 पर खुला और ₹44.61 तक पहुंचा। पिछले एक महीने में यह स्टॉक करीब 40% चढ़ चुका है। हालांकि, 6 महीने में इसमें 19% और एक साल में 24% की गिरावट रही है। लंबी अवधि की बात करें तो इस शेयर ने 5 साल में 1300% से ज्यादा का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है, जिससे यह निवेशकों के रडार पर बना हुआ है। इसका 52 हफ्ते का हाई 82.97 रुपये और लो 29.97 रुपये है। यह शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई से आधे से थोड़े अधिक रेट पर मिल रहा है।
बता दें दो महीने पहले कंपनी को हावड़ा डिवीजन, पूर्वी रेलवे जोन से लगभग 44 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला था। यह आदेश आठ स्टेशनों पर कोच और ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड लगाने से संबंधित है। इससे पहले, कंपनी को फिरोजपुर डिवीजन, उत्तरी रेलवे से भी कोच गाइडेंस और PA सिस्टम के लिए LoA प्राप्त हुआ था।
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
विशेषज्ञों के मुताबिक, कंपनी के नतीजों में ऑपरेशनल सुधार सकारात्मक संकेत देता है, लेकिन लगातार मुनाफा दिखना अभी बाकी है। ऐसे में निवेशकों को तेजी के बीच सावधानी बरतनी चाहिए और केवल ट्रेंड देखकर निवेश करने से बचना चाहिए।
बाजार में जोरदार खरीदारी, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल
बाजार के व्यापक रुख की बात करें तो BSE Sensex करीब 1000 अंक से अधिक चढ़कर 77,982 के इंट्राडे हाई तक पहुंच गया, जबकि Nifty 50 तिहरे शतक के साथ 24334 के आसपास कारोबार करता दिखा। एशियाई बाजारों में भी मजबूती रही, जिसने निवेशकों के भरोसे को बढ़ाया।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)




साइन इन