इस बैंक का बिक गया 74% हिस्सा, RBI ने भी दी मंजूरी, 1 साल में 72% चढ़ा स्टॉक
RBL bank Share price: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दूसरे सबसे बड़े बैंक एमिरेट्स एनबीडी ने अक्टूबर 2025 में आरबीएल बैंक में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,853 करोड़ रुपये में खरीदने का प्रस्ताव पेश किया था जिसके बाद यह मंजूरी दी गई।

RBL bank Share price: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने दुबई स्थित एमिरेट्स एनबीडी बैंक को आरबीएल बैंक में 74 प्रतिशत तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है। इससे यह बैंक, विदेशी बैंक बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। आरबीएल बैंक ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि आरबीआई ने यह मंजूरी एक अप्रैल को दी, जिसकी वैलिडिटी एक वर्ष तक रहेगी।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दूसरे सबसे बड़े बैंक एमिरेट्स एनबीडी ने अक्टूबर 2025 में आरबीएल बैंक में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 26,853 करोड़ रुपये में खरीदने का प्रस्ताव पेश किया था जिसके बाद यह मंजूरी दी गई। मंजूरी पत्र के अनुसार, एमिरेट्स एनबीडी (ईएनबीडी) को आरबीएल बैंक की चुकता पूंजी का कम से कम 51 प्रतिशत हिस्सा बनाए रखना होगा। इसके बाद बैंक को सब्सिडी मॉडल के तहत विदेशी बैंक के रूप में वर्गीकृत किया जाएगा जिसमें निवेशक, मूल विदेशी बैंक होगा।
क्या कुछ कहा है RBL Bank ने
आरबीआई ने कहा कि ऐसे बैंक पर पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी मॉडल के तहत संचालित विदेशी बैंकों के लिए नियत प्रावधान लागू होंगे। हालांकि निदेशक मंडल बैठकों में उपस्थित निदेशकों में कम से कम आधे स्वतंत्र निदेशक होने की शर्त इस पर लागू नहीं होगी। बैंक को अपने 'आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन' में आवश्यक संशोधन कर आरबीआई से मंजूरी लेने को कहा गया है और बैंक इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।
आरबीआई ने भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के नियमों के अधीन ईएनबीडी को आरबीएल बैंक का प्रमोटर्स वर्गीकृत करने पर भी कोई आपत्ति नहीं जताई है।
मिली है कुछ छूट
ईएनबीडी को 'सिंगल मोड ऑफ प्रेजेंस' की शर्त से अस्थायी छूट दी गई है जब तक कि भारत में उसकी शाखाओं का आरबीएल बैंक के साथ विलय नहीं हो जाता या अधिकतम एक वर्ष की अवधि पूरी नहीं हो जाती।
RBL बैंक के शेयरों का प्रदर्शन कैसा?
गुरुवार को बैंक के शेयर 0.18 प्रतिशत की गिरावट के बाद 301 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। बीते एक साल में इस बैंक के शेयरों की कीमतों में 72 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। तीन साल में यह स्टॉक 106 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)




साइन इन