पहले से कम हुआ ओला का घाटा, लेकिन रेवेन्यू लुढ़का, 73% उछल गए हैं शेयर
ओला इलेक्ट्रिक का घाटा पहले से कम हुआ है। कंपनी को चौथी तिमाही में 500 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 870 करोड़ का घाटा हुआ था। कंपनी के शेयर ढाई महीने में 73% चढ़ गए हैं।

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मार्च 2026 तिमाही में 500 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। पहले के मुकाबले ओला इलेक्ट्रिक का घाटा कम हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले कंपनी का घाटा 42.5 पर्सेंट कम हुआ है। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मार्च 2025 तिमाही में 870 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयर बुधवार को BSE में उछाल के साथ 36.94 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले ढाई महीने में कंपनी के शेयर 73 पर्सेंट उछल गए हैं।
57% घट गया ओला इलेक्ट्रिक का रेवेन्यू
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (Ola Electric Mobility) का रेवेन्यू चौथी तिमाही में 265 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले कंपनी का रेवेन्यू 57 पर्सेंट घटा है। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का रेवेन्यू एक साल पहले की समान अवधि में 611 करोड़ रुपये था। कंपनी ने चौथी तिमाही में 281 करोड़ रुपये का इबिट्डा लॉस रिपोर्ट किया है। एक साल पहले की समान अवधि में ओला इलेक्ट्रिक को 630 करोड़ रुपये का इबिट्डा लॉस हुआ था। चौथी तिमाही में ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का कंसॉलिडेटेड ग्रॉस मार्जिन 38.5 पर्सेंट रहा है, जो कि दिसंबर 2025 तिमाही में 34.3 पर्सेंट था।
73% उछल गए हैं ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयर
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयर ढाई महीने में 73 पर्सेंट चढ़ गए हैं। कंपनी के शेयरों में यह उछाल अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर से आया है। ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 2 मार्च 2026 को 21.21 रुपये पर थे। यह कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर है। ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 20 मई 2026 को 36.94 रुपये पर बंद हुए हैं। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 71.24 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप बुधवार को 7683 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
40000-45000 यूनिट्स की रेंज में ऑर्डर रहने की उम्मीद
मौजूदा ट्रेंड्स के आधार पर ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में ऑर्डर 40,000 से 45,000 यूनिट्स की रेंज में रहने की उम्मीद है। मार्च 2026 तिमाही के मुकाबले ऑर्डर की संख्या करीब दोगुनी है। ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने बताया है कि चौथी तिमाही में ऑटो बिजनेस ने ऑपरेशंस से 213 करोड़ रुपये का कैश फ्लो और 173 करोड़ रुपये का फ्री कैश फ्लो जेनरेट किया है। वहीं, कंपनी का सेल बिजनेस लगातार इनवेस्टमेंट मोड पर बना हुआ है, क्योंकि कंपनी ने अपने गीगाफैक्ट्री ऑपरेशंस बढ़ा दिए हैं।




साइन इन