नई ऊंचाई पर पहुंचा डिफेंस शेयर, 3000% की तूफानी तेजी, कंपनी को हुआ है बंपर मुनाफा
डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर नई ऊंचाई पर पहुंच गए हैं। चौथी तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। 5 साल में कंपनी के शेयरों में 3000 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है।

एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर पिछले कुछ दिन से रॉकेट सा उड़ रहे हैं। डिफेंस कंपनी के शेयर बुधवार को नई ऊंचाई पर जा पहुंचे हैं। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर बुधवार को BSE में 8 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 369.30 रुपये पर पहुंच गए हैं। पिछले 3 दिन में कंपनी के शेयरों में 27 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। वहीं, पिछले 5 साल में मल्टीबैगर कंपनी के शेयर 3000 पर्सेंट से अधिक चढ़ गए हैं। चौथी तिमाही में अपोलो माइक्रो सिस्टम्स को बंपर मुनाफा हुआ है। 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ गया है।
3000% से अधिक उछल गए डिफेंस कंपनी के शेयर
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री की कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों में पिछले 5 साल में 3000 पर्सेंट से अधिक की तेजी देखने को मिली है। अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयर 21 मई 2021 को 11.79 रुपये पर थे। डिफेंस कंपनी के शेयर 20 मई 2026 को 369.30 रुपये पर जा पहुंचे हैं। अगर पिछले 4 साल की बात करें तो कंपनी के शेयरों में 2950 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है। पिछले 3 साल में डिफेंस कंपनी के शेयर 1017 पर्सेंट से अधिक उछल गए हैं। पिछले एक साल में अपोलो माइक्रो सिस्टम्स के शेयरों में 172 पर्सेंट से अधिक की तेजी आई है।
168% से ज्यादा बढ़ा है डिफेंस कंपनी का मुनाफा
एयरोस्पेस एंड डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़ी कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स का कंसॉलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 168.64 पर्सेंट बढ़ा है। चौथी तिमाही में डिफेंस कंपनी का मुनाफा दोगुना से ज्यादा बढ़ा है। कंपनी को 31 मार्च 2026 को खत्म हुई तिमाही में 37.61 करोड़ रुपये का प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी को 14 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 81.28 पर्सेंट बढ़कर 293.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 161.76 करोड़ रुपये था। चौथी तिमाही में कंपनी का इबिट्डा 67.64 करोड़ रुपये रहा है।
10 टुकड़े में शेयर बांट चुकी है कंपनी
डिफेंस कंपनी अपोलो माइक्रो सिस्टम्स (Apollo Micro Systems) अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांट चुकी है। मल्टीबैगर कंपनी ने मई 2023 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा। मार्च 2026 तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक, कंपनी में प्रमोटर की हिस्सेदारी 51.98 पर्सेंट है। वहीं, पब्लिक शेयरहोल्डिंग 48.02 पर्सेंट है।
(फोटो- प्रतीकात्मक)




साइन इन