शेयर बाजार में हेरफेर की है कोशिश…चुनाव नतीजे से पहले बोलीं ममता बनर्जी
ज्यादातर एग्जिट पोल ये बता रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार सत्ता से बेदखल हो रही है। इस पर ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल का इस्तेमाल शेयर बाजार के सेंटिमेंट को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है। यह स्टॉक मार्केट में हेरफेर करने की एक कोशिश के अलावा और कुछ नहीं हैं।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एग्जिट पोल्स को एक बार फिर से खारिज कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि शेयर बाजार में हेरफेर करने के लिए इस तरह के एग्जिट पोल्स दिखाए जाते हैं। दरअसल, ज्यादातर एग्जिट पोल ये बता रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार सत्ता से बेदखल हो रही है। वहीं, राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने की संभावना है। हालांकि, ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा कि विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) 200 से अधिक सीटें जीतने जा रही है।
वोटों की गिनती से ठीक पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने उन्हें जमीनी स्तर पर लगातार संघर्ष करने के लिए बधाई दी। उन्होंने अपनी शानदार जीत पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए पार्टी सदस्यों से कहा कि TMC जीतेगी और 200 से ज्यादा सीटों के साथ जीतेगी।
ममता बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि एग्जिट पोल का इस्तेमाल शेयर बाजार के सेंटिमेंट को प्रभावित करने के एक जरिया के तौर पर किया जा रहा है। एग्जिट पोल स्टॉक मार्केट में हेरफेर करने की एक कोशिश के अलावा और कुछ नहीं हैं। ममता बनर्जी ने 2021 बंगाल विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए ये बात कही।
4 मई को आएंगे नतीजे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई यानी सोमवार को आने वाले हैं। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दो चरण में मतदान संपन्न हुआ। 23 अप्रैल को पहले चरण में राज्य की 152 सीटों पर मतदान हुआ था। वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। प्रदेश में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं।
क्या हैं एग्जिट पोल्स के नतीजे?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कई एग्जिट पोल्स में भाजपा को निर्णायक बढ़त या बहुमत मिलने की संभावना जताई गई। हालांकि, कुछ एग्जिट पोल ने तृणमूल कांग्रेस की सरकार बरकरार रहने का अनुमान जताया है।
पीपुल्स प्लस के सर्वे में कहा गया है कि तृणमूल कांग्रेस 177 से 187 सीटें हासिल करके अपनी सत्ता बरकार रख सकती है। भाजपा को 95 से 110 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को एक से तीन सीट मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं, जनमत पोल्स के एग्जिट पोल के अनुसार तृणमूल कांग्रेस को 195 से 205 सीटें मिल सकती हैं तो भाजपा को 80 से 90 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। इसके अलावा, पोल डायरी के सर्वे का अनुमान है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 142 से 171 सीटों के साथ पहली बार सत्ता में आ सकती है।
इस सर्वेक्षण के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 से ही संतोष करना पड़ सकता है। इसी तरह, मैट्रिज के सर्वेक्षण में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा 146 से 161 सीटों के साथ सरकार बना सकती है और टीएमसी को 125 से 140 सीटें मिल सकती है तथा वह सत्ता से बाहर हो सकती है। पी-मार्क के सर्वेक्षण में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा को 150 से 175 सीटें मिल सकती हैं तो टीएमसी को 118-138 सीटें मिलने का अनुमान है।




साइन इन