LPG का बढ़ा संकट, घरेलू से कमर्शियल सिलेंडर तक की बिक्री में बड़ी गिरावट
ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच फरवरी के आखिरी हफ्ते में जंग की शुरुआत हुई। इसके बाद मार्च महीने के पहले हफ्ते में ही सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए थे।

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के लगभग बंद होने से भारत में एलपीजी (LPG) सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा है। सरकारी आंकड़े बताते हैं कि अप्रैल 2026 में घरेलू रसोई गैस की बिक्री में करीब 11 फीसदी की गिरावट आई है। इसके अलावा, कमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री भी करीब 10 फीसदी घट गई। बता दें कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच फरवरी के आखिरी हफ्ते में जंग की शुरुआत हुई। इसके बाद मार्च महीने के पहले हफ्ते में ही सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए थे। इसके अलावा, कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भी बेतहाशा बढ़ोतरी की गई।
क्या कहते हैं सरकारी आंकड़े
आंकड़ों के मुताबिक सरकारी तेल कंपनियों ने अप्रैल में 1,982 हजार मीट्रिक टन (TMT) घरेलू एलपीजी की बिक्री की, जो पिछले साल इसी महीने के 2,229 TMT से काफी कम रही। वहीं, कमर्शियल सिलेंडरों की बिक्री भी घटकर 187 TMT रह गई, जबकि एक साल पहले यह 208.5 TMT थी। इसका असर खासतौर पर होटल, रेस्तरां, ऑफिस, औद्योगिक कैंटीन, मॉल, शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों पर पड़ा, जहां कमर्शियल एलपीजी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। कमर्शियल एलपीजी संकट के कारण उद्योगों पर बड़ी मार पड़ी है। इंडस्ट्रियल सेक्टर को एलपीजी सप्लाई अप्रैल में 82 फीसदी घटकर केवल 11.9 TMT रह गई। सरकारी तेल कंपनियों ने एलपीजी से चलने वाले वाहनों के लिए सप्लाई में 86 फीसदी की बढ़ोतरी की।
अप्रैल में ऑटो एलपीजी की बिक्री 10.8 TMT तक पहुंच गई। सप्लाई संकट के कारण कई उद्योगों को दोबारा फ्यूल ऑयल और प्राकृतिक गैस जैसे विकल्पों की ओर लौटना पड़ा। कुल मिलाकर अप्रैल 2026 में देशभर में एलपीजी बिक्री में 13 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। उत्तर भारत सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां बिक्री में 17 फीसदी की कमी आई।
सरकार का दावा- नहीं है दिक्कत
इस संकट के बीच सरकार ने लोगों को एक बार फिर आश्वस्त किया है कि देश में एलपीजी से लेकर पेट्रोल और डीजल सहित सभी ऊर्जा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता है और उन्हें हड़बड़ी में खरीदारी से बचना चाहिए।
सरकारी अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा भू राजनीतिक स्थिति के मद्देनजर देश में एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित हुई है लेकिन सरकार देश में एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी संभव कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि देश में गैस वितरण एजेन्सियों और तेल वितरण कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग 99 प्रतिशत हो गई है और कालाबाजारी रोकने के लिए शुरू की गई वेरिफिकेशन कोड प्रणाली से डिलीवरी 96 प्रतिशत तक पहुंच गई है। पिछले तीन दिनों में एक करोड़ 34 लाख गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। इसके अलावा 58 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ताओं ने अपने एलपीजी कनेक्शन वापस कर दिये हैं।




साइन इन