प्रॉफिट में उछाल, डिविडेंड का ऐलान...अब इस बैंक के शेयर पर सोमवार को रहेगी नजर
कोटक महिंद्रा बैंक ने मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में बैंक का मुनाफा उछला है। वहीं, बैंक के बोर्ड ने 1 रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.65 रुपये का डिविडेंड देने की सिफारिश की है।

Kotak Mahindra Bank Q4 result: प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। कोटक महिंद्रा बैंक ने अपनी चौथी तिमाही के मुनाफे में साल-दर-साल 13.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की और यह 4026.55 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह ब्लूमबर्ग के 3,663 करोड़ रुपये के अनुमान से ज्यादा था। साल-दर-साल बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) 8.1 प्रतिशत बढ़कर 7876 करोड़ रुपये हो गई जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7284 करोड़ रुपये थी।
मार्च तिमाही के दौरान बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन 4.67 प्रतिशत रहा जबकि एक साल पहले यह 4.97 प्रतिशत और पिछली तिमाही में 4.54 प्रतिशत था। फंड्स की लागत एक साल पहले के 5.09 प्रतिशत से घटकर 4.45 प्रतिशत हो गई। बैलेंस शीट के मोर्चे पर, 31 मार्च, 2026 तक नेट एडवांसेज सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 4.96 लाख करोड़ रुपये हो गए जबकि कस्टमर एसेट्स 14 प्रतिशत बढ़कर 5.46 लाख करोड़ रुपये हो गए। कुल जमा राशि सालाना आधार पर 15 प्रतिशत बढ़कर 5.72 लाख करोड़ रुपये हो गई, जिसमें CASA अनुपात 43.3 प्रतिशत रहा। तिमाही के अंत में क्रेडिट-टू-डिपॉजिट अनुपात 86.6 प्रतिशत रहा। वित्त वर्ष 26 की मार्च तिमाही के अंत में, कोटक महिंद्रा बैंक के ग्राहकों की कुल संख्या 5.2 करोड़ थी।
डिविडेंड का ऐलान
कोटक महिंद्रा बैंक के बोर्ड ने 1 रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.65 रुपये का डिविडेंड देने की सिफारिश की है। कोटक महिंद्रा बैंक ने एक बयान में कहा- बैंक की आगामी वार्षिक आम बैठक की तारीख, डिविडेंड के पात्र सदस्यों को निर्धारित करने के उद्देश्य से रिकॉर्ड डेट और भुगतान की तारीख की सूचना उचित समय पर दी जाएगी।
अब बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। नतीजों से पहले कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर करीब 0.5 प्रतिशत बढ़कर NSE पर 383.75 रुपये पर बंद हुए। इस शेयर में एक साल में 12.2 प्रतिशत की गिरावट आई है, जो बेंचमार्क निफ्टी 50 के मुकाबले काफी खराब प्रदर्शन है। इसी दौरान निफ्टी 50 में 1.3 प्रतिशत की गिरावट आई है।
डॉयचे बैंक की हिस्सेदारी पर क्या मिले संकेत?
बीते कुछ दिनों से ऐसी खबरें थीं कि कोटक महिंद्रा बैंक, डॉयचे बैंक के भारत में रिटेल बिजनेस को खरीद सकता है। अब कोटक बैंक के MD और CEO अशोक वासवानी ने कहा कि यह प्राइवेट सेक्टर का बैंक बाजार में लगातार नए मौकों की तलाश में रहता है। उन्होंने कहा- हमारे सामने जो भी मौका आता है, हम उस पर गौर करते हैं। हर मौके के लिए, हम तीन सवाल पूछते हैं। पहला, क्या यह रणनीतिक रूप से सही है? अगर यह रणनीतिक रूप से सही है तो क्या यह आर्थिक रूप से भी सही है? और तीसरा, क्या इससे मैनेजमेंट के काम में कोई बड़ी रुकावट आएगी? अगर पहले दो सवाल के जवाब 'हां' और तीसरे सवाल का जवाब 'नहीं' है, तो हम वह सौदा कर लेंगे।




साइन इन