शेयर बाजार में मंगलवार को ट्रेडिंग नहीं, बिकवाली वाले माहौल में क्यों है बंदी?
शेयर बाजार में भारी बिकवाली के बीच मंगलवार यानी 31 मार्च 2026 में शेयर बाजार बंद रहेंगे। अब निवेशकों को ट्रेडिंग के लिए 1 अप्रैल 2026 यानी बुधवार तक का इंतजार करना होगा। आइए जानते हैं कि आखिर मंगलवार को बाजार क्यों बंद है।

Stock Market Holiday: वैसे तो मंगलवार को शेयर बाजार के लिए ट्रेडिंग का दिन होता है लेकिन इस बार ऐसा नहीं हैं। इस बार मंगलवार यानी 31 मार्च 2026 में शेयर बाजार बंद रहेंगे। अब निवेशकों को ट्रेडिंग के लिए 1 अप्रैल 2026 यानी बुधवार तक का इंतजार करना होगा। इसके बाद गुड फ्राइडे के कारण शुक्रवार, 3 अप्रैल को भी बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। अप्रैल में 14 अप्रैल यानी मंगलवार को भी डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर जयंती के अवसर पर शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होने वाली है।
मंगलवार को क्यों नहीं हो रही ट्रेडिंग?
दरअसल, 31 मार्च यानी मंगलवार को महावीर जयंती की वजह से शेयर बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी। इस दौरान इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बोर्रोइंग (SLB) सेगमेंट में ट्रेडिंग और सेटलमेंट की गतिविधियां बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE या नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE दोनों में से किसी पर भी नहीं होंगी। हालांकि, वार्षिक बैंक क्लोजिंग के कारण इस दिन को सेटलमेंट हॉलिडे के रूप में मनाया जाएगा। गौरतलब है कि सेटलमेंट हॉलिडे के दिन ट्रेडिंग की अनुमति होती है लेकिन क्लियरिंग और सेटलमेंट की गतिविधियां नहीं होती हैं।
31 मार्च को MCX खुला रहेगा?
मंगलवार को नेशनल कमोडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (NCDEX) पूरे दिन बंद रहेगा। वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) दो सत्रों में काम करेगा। सुबह का सत्र, जो आमतौर पर सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलता है, बंद रहेगा लेकिन शाम के सत्र में ट्रेडिंग शाम 5:00 बजे से रात 11:55 बजे तक फिर से शुरू होगी।
सोमवार को बाजार का परफॉर्मेंस
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवर को एक बार फिर भारतीय शेयर बाजार में बिकवाली देखी गई। ट्रेडिंग के अंत में सेंसेक्स 1,635.67 अंक टूटकर 71,947.55 अंक पर बंद हुआ तो निफ्टी 488.20 अंक के नुकसान से 22,331.40 अंक पर ठहरा। इस बिकवाली वाले माहौल के बीच रुपया और भी ज्यादा कमजोर हो गया है। मंगलवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 95 के पार पहुंच गया।
मई से दिसंबर तक की छुट्टी
भारतीय शेयर बाजार में मई से दिसंबर 2026 तक की छुट्टियां कुछ इस तरह हैं- महाराष्ट्र दिवस (1 मई, शुक्रवार), बकरीद (28 मई, गुरुवार), मुहर्रम (26 जून, शुक्रवार), गणेश चतुर्थी (14 सितंबर), गांधी जयंती (2 अक्टूबर), दशहरा (20 अक्टूबर), दिवाली-बलिप्रतिपदा (10 नवंबर), प्रकाश गुरुपुरब श्री गुरु नानक देव (24 नवंबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर)। इन सभी दिन शेयर बाजार बंद रहेंगे। इसके अलावा, शनिवार और रविवार साप्ताहिक अवकाश का दिन होता है तो बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी।




साइन इन