भारत के शेयर बाजार से भी महंगी हो गई अमेरिका की ये कंपनी, AI से मिल रहा बूस्ट
पिछले तीन वर्षों में Nvidia के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है। 2023 में कंपनी की वैल्यू जहां करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के आसपास थी। वहीं अब यह पांच गुना तक बढ़ चुकी है। इस कंपनी की मार्केट वैल्यू अब भारत के पूरे शेयर बाजार से भी ज्यादा हो गई है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्रेज ने अमेरिकी चिप निर्माता Nvidia का दबदबा बढ़ा दिया है। इस कंपनी की मार्केट वैल्यू अब भारत के पूरे शेयर बाजार से भी ज्यादा हो गई है। भारतीय शेयर बाजार का वैल्यूएशन 5 ट्रिलियन डॉलर है और यह दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा मार्केट है। वहीं, कभी गेमिंग चिप बनाने वाली कंपनी रही Nvidia अब दुनिया की सबसे बड़ी AI कंपनियों में शामिल हो चुकी है। इस कंपनी का वैल्यूएशन अब 5.05 ट्रिलियन डॉलर हो चुका है।
दूसरी ओर भारतीय शेयर बाजार पर विदेशी निवेशकों की बिकवाली का दबाव बना हुआ है। साल 2024 में भारत का बाजार पूंजीकरण 5.7 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया था, जो अब घटकर 5 ट्रिलियन डॉलर रह गया है।
शेयर का परफॉर्मेंस
पिछले तीन वर्षों में Nvidia के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया है। 2023 में कंपनी की वैल्यू जहां करीब 1 ट्रिलियन डॉलर के आसपास थी। वहीं अब यह पांच गुना तक बढ़ चुकी है। कंपनी के शेयर 50 डॉलर से बढ़कर 211.50 डॉलर तक पहुंच गए यानी करीब 323 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
Nvidia की इस जबरदस्त बढ़त पर टिप्पणी करते हुए INVasset PMS के बिजनेस हेड हर्षल दसानी ने कहा कि दुनिया की लगभग हर बड़ी टेक कंपनी, क्लाउड प्रोजेक्ट और AI मॉडल को GPU क्लस्टर की जरूरत पड़ रही है और इस बाजार में Nvidia की हिस्सेदारी करीब 80 फीसदी है। उन्होंने कहा कि जब पूरी तकनीकी क्रांति किसी एक इंफ्रास्ट्रक्चर पर निर्भर हो जाए, तो उस तकनीक का सप्लायर सबसे ज्यादा फायदा उठाता है और Nvidia इस पैटर्न में पूरी तरह से फिट बैठती है।
कई टेक कंपनियों का बढ़ा मार्केट वैल्यू
जहां एक तरफ AI की दौड़ में Nvidia सबसे आगे है तो वहीं अल्फाबेट और Apple जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी हाल के महीनों में $4 ट्रिलियन के मार्केट वैल्यू तक पहुंच गई हैं। दूसरी ओर, माइक्रोसॉफ्ट का वैल्यूएशन 3 ट्रिलियन डॉलर से ऊपर बना हुआ है। AI की वजह से शेयरों में आई तेजी ने अमेजन, TSMC, मेटा, टेस्ला और सैमसंग जैसी टेक दिग्गजों को भी $1 ट्रिलियन के प्रतिष्ठित वैल्यूएशन के पार पहुंचा दिया है। इसका श्रेय इन कंपनियों के चिप्स की भारी मांग को जाता है।
TSMC के बाद, यह $1 ट्रिलियन से अधिक मार्केट वैल्यूएशन वाली दूसरी एशियाई कंपनी बन गई है। जानकारों का कहना है कि यह तेजी AI पर लगातार हो रहे खर्च को लेकर निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाती है। हालांकि, कुछ लोग यह भी चेतावनी दे रहे हैं कि शेयरों की कीमतें जरूरत से अधिक बढ़ सकती हैं।




साइन इन