डेल ने गुपचुप तरीके से 11000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला, कारण भी बता दिया
वार्षिक रिपोर्ट में डेल ने बताया कि वर्कफोर्स कटौती उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 10 प्रतिशत है, जिससे कर्मचारियों की संख्या जनवरी 2025 में लगभग 1,08,000 से घटकर 31 जनवरी 2026 तक लगभग 97,000 हो गई है।

डेल टेक्नोलॉजीज ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान गुपचुप तरीके से अपने ग्लोबल कर्मचारियों की संख्या में लगभग 11,000 की कटौती की है। यह इस बात का संकेत है कि एआई सर्वर निर्माता कंपनी लागत कम करने के लिए बाहरी भर्तियों को सीमित कर रही है। हालांकि डेल ने छंटनी के बारे में कोई बड़ी सार्वजनिक घोषणा नहीं की लेकिन कंपनी ने वार्षिक रिपोर्ट में जो आंकड़े दिए हैं उससे छंटनी की तस्वीर साफ हो जाती है।
क्या कहा कंपनी ने?
वार्षिक रिपोर्ट में डेल ने बताया कि वर्कफोर्स कटौती उसके कुल कर्मचारियों का लगभग 10 प्रतिशत है, जिससे कर्मचारियों की संख्या जनवरी 2025 में लगभग 1,08,000 से घटकर 31 जनवरी 2026 तक लगभग 97,000 हो गई है। कंपनी ने छंटनी मुआवजे पर 569 मिलियन डॉलर खर्च किए जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 693 मिलियन डॉलर था। टेक्नोलॉजी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के दौरान लागत नियंत्रण और बिजनेस मॉडर्नाइजेशन पर अपना फोकस बनाए रखने की बात कही है। कंपनी के अनुसार, खर्चों को नियंत्रित करने के लिए कर्मचारी पुनर्गठन, बाहरी भर्तियों में कमी और निवेश को रणनीतिक प्राथमिकताओं के अनुरूप ढालने जैसे उपाय किए गए हैं। ये कदम कंपनी के लॉन्ग टर्म डेवलपमेंट और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाएं बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाए गए हैं।
बता दें कि बीते कुछ समय से टेक कंपनियां एआई के कारण बड़े पैमाने पर छंटनी कर रही हैं। इस साल 60 टेक कंपनियों ने 38,000 से अधिक कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह जानकारी Layoffs.fyi वेबसाइट से मिली है। यह अलग-अलग क्षेत्रों में छंटनी पर नजर रखती है। रॉयटर्स की एक खबर के मुताबिक सोशल मीडिया की दिग्गज कंपनी मेटा बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बना रही है, जिससे उसके 20% या उससे अधिक कर्मचारी प्रभावित हो सकते हैं।
डेल का राजस्व
बीते दिनों कंपनी ने कहा कि उसे अपने प्रमुख एआई-अनुकूलित सर्वर व्यवसाय से होने वाले राजस्व में वित्त वर्ष 2027 में दोगुनी वृद्धि की उम्मीद है और उसने शेयरधारकों को अधिक नकदी वापस करने का वादा किया है। कंपनी ने अपने कैश डिविडेंड में 20% की वृद्धि और अपने शेयर बायबैक प्रोग्राम के लिए अतिरिक्त 10 अरब डॉलर की घोषणा की। डेल को प्रति शेयर $12.90 की वार्षिक आय की उम्मीद है, जो $11.59 के अनुमान से अधिक है। पहली तिमाही में डेल को $34.7 बिलियन और $35.7 बिलियन के बीच राजस्व की उम्मीद है, जो $29.13 बिलियन के अनुमान से अधिक है। पहली तिमाही के लिए प्रति शेयर आय का पूर्वानुमान $2.90 था, जो $2.37 के अनुमान से अधिक था। इस कंपनी ने चौथी तिमाही में $33.4 बिलियन का रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किया, जो $31.73 बिलियन के अनुमान से अधिक था।




साइन इन