केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, आज होगा DA पर ऐलान! कितनी बढ़ेगी सैलरी
DA Hike: करीब 1.2 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स को इस ऐलान का इंतजार है, खासकर ऐसे समय में जब वे 8वें वेतन आयोग को लेकर भी उम्मीद लगाए बैठे हैं।

DA Hike Update: केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली कैबिनेट बैठक में महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) बढ़ाने पर फैसला लिया जा सकता है। करीब 1.2 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स को इस ऐलान का इंतजार है, खासकर ऐसे समय में जब वे 8वें वेतन आयोग को लेकर भी उम्मीद लगाए बैठे हैं।
आज लग सकता है मुहर
दरअसल, जनवरी–जून 2026 के लिए DA बढ़ाने का यही सही समय माना जा रहा है। हर साल सरकार जनवरी की DA बढ़ोतरी का ऐलान मार्च के आसपास करती रही है। पिछले साल 2025 में 28 मार्च को और 2024 में 12 मार्च को घोषणा हुई थी। ऐसे में मार्च की आखिरी कैबिनेट बैठक होने की वजह से आज का दिन काफी अहम माना जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि सरकार आज ही इस पर मुहर लगा सकती है।
कितनी होगी बढ़ोतरी
माना जा रहा है कि इस बार DA में 2% की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे DA 58% से बढ़कर 60% हो जाएगा। यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर कर्मचारियों की सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन पर असर डालेगी। DA का कैलकुलेशन लेबर ब्यूरो के CPI-IW (Consumer Price Index for Industrial Workers) के आधार पर होता है। दिसंबर 2025 का इंडेक्स 148.2 रहा, जिसके हिसाब से DA करीब 60.34% बनता है, लेकिन दशमलव हटाकर इसे 60% ही लागू किया जाता है।
सरकार DA तय करने के लिए एक तय फॉर्मूला फॉलो करती है। इसमें पिछले 12 महीनों के CPI-IW का औसत लिया जाता है, जिससे यह पता चलता है कि महंगाई कितनी बढ़ी है। इसी आधार पर DA बढ़ाया जाता है ताकि कर्मचारियों और पेंशनर्स की आय पर महंगाई का असर कम हो सके। यही वजह है कि साल में दो बार—जनवरी और जुलाई में—DA रिवाइज किया जाता है।
कर्मचारियों के लिए राहत
यह बढ़ोतरी कर्मचारियों के लिए राहत लेकर आती है, क्योंकि इससे उनकी इन-हैंड सैलरी बढ़ती है और पेंशनर्स को ज्यादा DR मिलता है। बढ़ती महंगाई के बीच यह अतिरिक्त पैसा घर के खर्चों को संभालने में मदद करता है। खास बात यह भी है कि अगर आज कैबिनेट मंजूरी दे देती है, तो यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से लागू होगी और कर्मचारियों को जनवरी से मार्च तक का एरियर भी मिलेगा, हालांकि नई सैलरी अप्रैल से दिखेगी।
DA के फॉर्मूले में बदलाव की मांग
वहीं, कर्मचारी यूनियनें अब 8वें वेतन आयोग के तहत DA के फॉर्मूले में बदलाव की मांग भी कर रही हैं। उनका कहना है कि मौजूदा फॉर्मूला आज की महंगाई को पूरी तरह नहीं दिखाता, इसलिए इसे अपडेट किया जाना चाहिए। साथ ही, DA को बेसिक सैलरी में मर्ज करने और ज्यादा पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठ रही है। अब सबकी नजरें आज की कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं, जहां से इस बड़े फैसले की उम्मीद की जा रही है।




साइन इन