जमीन के लिए सगे भाई को उतारा मौत के घाट, शव के साथ जो किया उसे देख दहल गया भागलपुर
भागलपुर के नवगछिया में जमीन विवाद में छोटे भाई ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। आरोपियों ने शव को घर की पानी की टंकी में छिपा दिया, जिसका खुलासा गुरुवार को दुर्गंध आने पर हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Bihar News: बिहार के नवगछिया जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के सधुवा गाँव में एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने भाई-भाई के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। मात्र डेढ़ बीघा जमीन के विवाद में छोटे भाई ने अपनी पत्नी और साले के साथ मिलकर बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए शव को घर की पानी की टंकी में डाल दिया गया।
साजिश के तहत दिया वारदात को अंजाम
मृतक की पहचान फुलेश्वर सिंह के रूप में हुई है, जो चंडीगढ़ में राजमिस्त्री का काम करता था। वह अपनी घायल माँ का हालचाल जानने गाँव आया था। वारदात बुधवार की रात को अंजाम दी गई। आरोपी छोटे भाई रुदल सिंह ने बेहद शातिराना तरीके से पहले घर की बिजली काट दी, ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर वह कत्ल कर सके। इसके बाद उसने अपनी पत्नी अंजू देवी और साले शत्रुघ्न सिंह के साथ मिलकर फुलेश्वर का गला दबा दिया। जब फुलेश्वर की जान निकल गई, तो तीनों ने मिलकर शव को छत पर स्थित पानी की टंकी में फेंक दिया।
बदबू आने पर खुला राज
गुरुवार की शाम जब घर की टंकी से तेज दुर्गंध आने लगी, तब परिजनों को शक हुआ। जब टंकी खोलकर देखा गया तो अंदर फुलेश्वर का शव पड़ा था। यह मंजर देख गाँव में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश और रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के मुताबिक, दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। माँ द्वारा संपत्ति के बंटवारे में रुदल सिंह को डेढ़ बीघा जमीन मिली थी, जिसे उसने पहले ही बेच दिया था। अब उसकी नजर बड़े भाई फुलेश्वर के हिस्से की जमीन पर थी। इसी जमीन को हड़पने के लिए उसने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।




साइन इन