Bihar Weather: अब छाता रखें साथ, बिहार के 21 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेज और येलो अलर्ट; कहां पड़ेगी भीषण गर्मी
Bihar Weather: रविवार को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

Bihar Weather: बिहार में भीषण गर्मी के बीच अगले दो-तीन दिनों तक ज्यादातर जिलों में आंधी-बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने रविवार को 21 जिलों में आंधी-बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल भीषण गर्मी के चपेट में रहेंगे।
अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर बिहार का अधिकतम तापमान 32 से 36 और दक्षिण बिहार का 34 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। शनिवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश का अधिकतम तापमान 33.6 से 44.4 और न्यूनतम तापमान 22.5 से 28.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राज्य का सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस डेहरी में दर्ज किया गया।
50 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी
रविवार को सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। वहीं पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। यहां भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
पटना में आंशिक बादल छाए रहेंगे
पटना में दो-तीन दिनों तक आंशिक तौर पर बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, पटना जिले के एक-दो स्थानों पर 29 अप्रैल को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा है। इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी का अहसास हुआ। वहीं सूरज की तल्खी के कारण दिन में तो लोगों का हाल बेहाल हो गया।
मुजफ्फरपुर में कैसा रहेगा मौसम
दिनभर की तपिश के बाद शनिवार की शाम से अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के झोंके ने राहत दी। इधर, मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार से हल्की बारिश की संभावना जताई है। इससे तापमान में गिरावट की उम्मीद है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से शनिवार को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 26 से 28 अप्रैल के बीच जिले में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में कमी आने से तीन दिन भीषण गर्मी और तपन के दौर से छुटकारा मिल सकता है। इसके आसार शनिवार की शाम से ही मिलने शुरू हो गए। जब पूरे दिन मंथर गति से बह रही पछुआ हवा शाम होते तेज हो गई।
भागलपुर में आंंधी-तूफान
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. बीरेंद्र कुमार ने बताया कि रविवार को भीषण गर्मी दिन में पड़ेगी। रात उमस और गर्मी की ताप से दहकेगी। इस दौरान दिन का पारा 38 डिग्री सेल्सियस और रात का 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सोमवार को दिन का पारा आंशिक बदरी के कारण तीन डिग्री सेल्सियस तक लुढ़केगा, लेकिन गर्मी और उमस सताएगी। 28 अप्रैल से मौसम बदलेगा और हल्की बौछारें पड़ेगी। जबकि 29 अप्रैल से 1 मई के बीच आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी पड़ेगी। जिससे गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन उमस पसीना निकालेगी।




साइन इन