शादी के शोर में दब गई चीख, बिहार में महिला की पेट चीरकर हत्या; कपड़े बिखरे थे, पलंग पर मिली लाश
बदमाश घर के पीछे की दीवार के सहारे मकान के अंदर घुसे और सीधे छत पर बने कमरे तक पहुंच गए। यहां कमरूल बीबी अकेली सो रही थीं। धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी।

बिहार के छपरा में लूटपाट के दौरान मांझी थाना क्षेत्र की सोनबरसा पंचायत के नंदपुर गांव के एक घर में सोमवार की रात लूटपाट के बाद महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नसरुद्दीन की 55 वर्षीय पत्नी कमरूल बीबी के रूप में हुई है। कमरूल घर की छत पर बने कमरे में अकेले सो रही थी, तभी बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया। महिला का पति और बेटा कोलकाता में व्यवसाय करते हैं। मंगलवार की सुबह सेहरी के लिए जगाने गए परिजन को घटना की जानकारी मिली। महिला के शरीर पर कपड़े की स्थिति देख बदसलूकी की भी आशंका जतायी जा रही है। पुलिस आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।
बताया जाता है कि बदमाश घर के पीछे की दीवार के सहारे मकान के अंदर घुसे और सीधे छत पर बने कमरे तक पहुंच गए। यहां कमरूल बीबी अकेली सो रही थीं। पुलिस को अंदेशा है कि लूटपाट के दौरान महिला ने बदमाशों का विरोध किया होगा या पहचान ली होगी, जिसके बाद बदमाशों ने धारदार हथियार से पेट पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद बदमाश कमरे में रखे आलमारी को तोड़कर नकदी और कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। सुबह जब लोगों ने कमरे की स्थिति देखी तो आलमारी टूटी हुई थी और सामान बिखरा पड़े थे, जबकि महिला का शव पलंग पर था। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है।
गाजे-बाजे और शोर-शराबे में दब गई चीख
मांझी थाना क्षेत्र की सोनबरसा पंचायत के नंदपुर गांव में लूटपाट के बाद महिला की धारदार हथियार से हत्या किये जाने के संबंध में परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि घटना की रात गांव के आसपास शादी-विवाह का कार्यक्रम था। गाजे-बाजे और शोर-शराबे के कारण किसी को घटना की भनक तक नहीं लगी।
मृतका की गोतनी रुखसाना बेगम ने बताया कि सुबह मृतका के पति नसरुद्दीन का फोन आया और उन्होंने कहा कि छत पर जाकर देखो सेहरी का समय हो रहा है और वह फोन नहीं उठा रही है। इसके बाद जब मैं कमरे में पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला था। कमरूल बीबी पलंग पर मृत अवस्था में पड़ी थी। कमरे में रखी आलमारी खुली थी और सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर घबरा गईं और तुरंत अन्य परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी। वहीं मृतका के रिश्तेदार मोहम्मद राजिक ने बताया कि घटना की रात करीब 12 बजे उनकी कमरूल बीबी से फोन पर बातचीत हुई थी। वह पूरी तरह सामान्य थीं। इसके बाद रात करीब 1:20 बजे दोबारा फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची
इधर, वारदात की सूचना पर मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार, सदर एसडीपीओ 2 राजकुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम भी वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल में जुटी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया।
कोलकाता में लॉन्ड्री का व्यवसाय करते हैं पति
मृतका के पति नसरुद्दीन कोलकाता में लॉन्ड्री का व्यवसाय करते हैं। करीब 20 दिन पहले ही वह गांव आए थे, क्योंकि घर में 31 मार्च को भतीजी और 14 अप्रैल को भतीजे की शादी थी। घटना के बाद पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि, मरहा पंचायत के पूर्व मुखिया परमहंस कुमार गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच करते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है।




साइन इन