बिहार में शादी की रस्म में बेकाबू कार का कहर, दो को कुचला; एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर
हादसे में घायल दोनों युवक को उमगांव अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरे युवक गोपाल को इलाज के बाद रेफर कर दिया।

Bihar Accident News: बिहार के मधुबनी में पिपरौन गांव में मटकोर कार्यक्रम के दौरान एक बेकाबू आल्टो कार ने कोहराम मचा दिया। कार लेकर ड्राइवर एनएच 227 सड़क पर भीड़ में घुस गया और दो युवकों को कुचल दिया। इनमें से एक युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी नाजुक स्थिति बनी हुई है। उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृत युवक की पहचान पिपरौन गांव के ही रौशन कुमार साह के पुत्र प्रवीण कुमार साह के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान सेम्हली गांव निवासी गोपाल कुमार के रूप हुई है। रविवार की रात की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पिपरौन में घटना की रात एक मित्र की शादी के मटकोर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मटकोर की रस्म के दौरान वे पिपरौन बाजार पर सड़क किनारे खड़े थे, तभी साहरघाट से उमगांव की ओर जा रही अनियंत्रित आल्टो कार सवार ने दोनों युवकों को कुचल डाला। घटना के बाद ड्राइवर कार लेकर फरार होने के मूड में था पर, वहां मौजूद महिलाओं ने कार को घेर लिया। उसके बाद गाड़ी छोड़कर चालकर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। दोनों युवकों को वहां मौजूद लोगों ने आनन फानन में उमगांव अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे युवक गोपाल को इलाज के बाद रेफर कर दिया। हरलाखी थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम में भेज दिया है। आगे की कार्रवाई चल रही है। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है। गाड़ी के नंबर से उसके मालिक की तलाश की जा रही है।
मृत युवक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग की गई है। घायल युवक के इलाज के लिए भी सरकार से खर्च की मांग की गयी है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना से शादी का माहौल मातम में बदल गया। दोस्त की मौत से दूल्हा भी सदमे में आ गया है।




साइन इन