woman dragged on road after molestation in bihar darbhanga छेड़खानी के बाद सरेआम घसीटने लगे, विरोध करने पर महिला को मारी गोली; बिहार में कांड, Bihar Hindi News - Hindustan
More

छेड़खानी के बाद सरेआम घसीटने लगे, विरोध करने पर महिला को मारी गोली; बिहार में कांड

छेड़खानी करने के अलावा वे उसे घसीटने लगे। विरोध करने पर इनमें से एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली उसके दाएं पांव पर लगी। इसी दौरान कुछ अन्य महिलाओं के पहुंच जाने पर वे फरार हो गए।

Tue, 5 May 2026 11:38 AMNishant Nandan हिन्दुस्तान, दरभंगा
share
छेड़खानी के बाद सरेआम घसीटने लगे, विरोध करने पर महिला को मारी गोली; बिहार में कांड

बिहार के दरभंगा जिले मे कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के गोठानी मोड़ के पास रविवार की शाम छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को पांव में गोली मारकर उसे जख्मी कर दिया। इसके बाद वे फरार हो गए। डीएमसीएच के डॉ. रामाशीष यादव के यूनिट में इलाजरत महिला ने सोमवार को स्वयं ही ये दावा किया। 30 वर्षीया महिला का इलाज क्रिटिकल केयर यूनिट में चल रहा है। वह कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के भंथा गांव की निवासी बताई जाती है। डीएमसीएच में इलाजरत महिला ने बताया कि वह लेबर का काम करती है। काम समाप्त करने के बाद वह घर लौट रही थी।

इसी दौरान गोठानी मोड़ के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उसे घेर लिया। छेड़खानी करने के अलावा वे उसे घसीटने लगे। विरोध करने पर इनमें से एक बदमाश ने गोली चला दी। गोली उसके दाएं पांव पर लगी। इसी दौरान कुछ अन्य महिलाओं के पहुंच जाने पर वे फरार हो गए। महिला ने बदसलूकी करने वाले चार में से दो बदमाशों का नाम बताया। उसने बताया कि इलाज के लिए उसे पहले सतीघाट पीएचसी पहुंचाया गया था। वहां से उसे डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार के तीन जिलों में गंगा नदी पर बनेंगे 6 पीपा पुल, टेंडर जल्द
ये भी पढ़ें:विक्रमशिला सेतु टूटा, ब्लैक स्टोन के दाम 20% तक बढ़ने की आशंका; घर बनाना महंगा

छेड़छाड़ के विरोध पर ऑटो से फेंका

इधर दरभंगा के ही सिंहवाड़ा में अतरबेल-भरवाड़ा पथ पर सिंहवाड़ा से बिठौली जाने के दौरान टेंपो चालक ने टेंपो पर बैठी एकमात्र सवारी आशा कार्यकर्ता से छेड़खानी शुरू कर दी। छेड़खानी का जब आशा कार्यकर्ता ने विरोध किया तो टेंपो चालक ने चलते टेंपो से ही उसे नीचे गिरा दिया। मौके पर पहुंचे लोगों ने जख्मी हालत में आशा कार्यकर्ता को इलाज के लिए सिंहवाड़ा सीएचसी पहुंचाया।इस मामले में आशा कार्यकर्ता के आवेदन पर सिंहवाड़ा थाने में टेंपो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने मिर्जापुर जगनी निवासी टेंपो चालक राजू भंडारी से पूछताछ शुरू की। इस दौरान नशे में होने का आभास होते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह शाम में सिंहवाड़ा सीएचसी से अपने घर के लिए चली थी। लालपुर चौक पर खड़े टेंपो चालक ने उसे चलने की बात कही। वह जैसे ही पिछली सीट पर बैठने लगी, टेंपो चालक ने कहा कि पिछली सीट टूट गयी है इसलिए आगे ही बैठ जाइए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार में आज भी भीषण वज्रपात का अलर्ट, ओलावृष्टि होगी; आंधी-पानी से 26 की मौत

जब टेंपो प्रखंड मुख्यालय से कुछ आगे सुनसान जगह पर पहुंचा तो चालक ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही आशा कार्यकर्ता के परिजन मौके पर पहुंच गए। टेंपो सहित चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।