पूर्णिया में वार्ड सदस्य के घर में घुसकर बेरहमी से हत्या, मुख्य महिला आरोपी गिरफ्तार; गांव में भारी तनाव
पूर्णिया के अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव में आपसी गोतिया विवाद के चलते वार्ड सदस्य अशफाक अंसारी की घर के आंगन में घुसकर बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पुत्री ने 6 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मुख्य महिला आरोपी नबीसता को गिरफ्तार कर लिया है।

Bihar Crime News: बिहार के पूर्णिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ अनगढ़ थाना क्षेत्र के धुसमल गांव में आपसी विवाद को लेकर एक वार्ड सदस्य की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपराधियों का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि उन्होंने दिनदहाड़े घर के आँगन में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया। मृतक की पहचान धुसमल पंचायत के वार्ड संख्या 9 के निर्वाचित वार्ड सदस्य अशफाक अंसारी (57 वर्ष) के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
आँगन में घुसकर किया जानलेवा हमला
परिजनों के अनुसार, यह पूरी वारदात गुरुवार दोपहर करीब एक से ढाई बजे के बीच की है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पुरानी रंजिश और गोतिया विवाद को लेकर अशफाक अंसारी के घर के आंगन में घुस आए और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। मृतक की पुत्री सुहाना द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, गांव के ही अफसर आलम उर्फ मुन्ना की पत्नी नबीसता, नैमोद्दीन, नाजमीन, खुशनूर, खुशनंती तथा नफीस ने मिलकर अशफाक अंसारी की बेरहमी से पिटाई की।
अंदरूनी चोटों ने ली जान, मुख्य आरोपी जेल में
हमले के दौरान अशफाक अंसारी को गंभीर आंतरिक चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी हालत बिगड़ने लगी और अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनगढ़ थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने त्वरित कार्रवाई की और मुख्य महिला आरोपी नबीसता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे 'गोतिया' का आपसी विवाद सामने आया है, जिसमें पहले दोनों पक्षों के बीच काफी बहसबाजी हुई थी और फिर यह हिंसक झड़प में तब्दील हो गई।
मृतक की पुत्री ने कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। आवेदन में सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और न्याय दिलाने की मांग की गई है। थाना अध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है और फरार चल रहे अन्य पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।




साइन इन