NDA बैठक में टेंडर पर भिड़े विजय सिन्हा और अशोक चौधरी! तेजस्वी ने ली चुटकी
एनडीए विधायकों की बैठक में ग्लोबल टेंडर को लेकर डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और जेडीयू के मंत्री अशोक चौधरी के बीच गर्मागर्मी हो गई। इस बीच सिन्हा ने चौधरी से गठबंधन धर्म पालन करने की बात कही। इस बीच सीएम नीतीश और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देखते रह गए।

बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र जारी है। विपक्ष एसआईआर को लेकर एनडीए सरकार पर हमलावर है। इस बीच एनडीए विधायक दल की बैठक में उस वक्त हंगामा मच गया। जब सीएम नीतीश कुमार के सामने डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और जेडीयू के मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान पूरा माजरा मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी देखते रह गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विवाद की वजह ग्रामीण कार्य विभाग में ग्लोबल टेंडरिंग की प्रक्रिया बताई जा रही है। जिसमें सिर्फ बड़े कॉन्ट्रैक्टरों को काम देने का आरोप लगा । इस बीच बीजेपी विधायकों ने ग्लोबल टेंडरिंग के कारण होने वाले नुकसान को लेकर अशोक चौधरी पर सवाल उठाए। विजय सिन्हा ने अशोक चौधरी से गठबंधन धर्म का पालन करने की बात कही। वहीं राजद के विधायक प्रह्लाद यादव को लेकर भी बहस हुई। जो बीते साल सत्ता परिवर्तन के दौरान एनडीए में आ गए थे। बताया जा रहा है उनके टिकट को लेकर बीजेपी और जदयू में खींचतान मची हुई है।
इस पूरे मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चुटकी लेते हुए ट्वीट किया। उन्होने लिखा कि भ्रष्टाचार की बंदरबांट को लेकर एनडीए के उपमुख्यमंत्री और वरीय मंत्री बैठक में ही एक दूसरे से झगड़ने लगे। जदयू के अधीन ग्रामीण कार्य विभाग में ग्लोबल टेंडरिंग के माध्यम से केवल बड़े ठेकेदारों को ठेका देकर चुनाव पूर्व जेडीयू ने 1000 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य रखा है। चुनाव पूर्व ग्रामीण सड़कों का निर्माण भी नहीं होना है लेकिन केवल टेंडर मैनेज कर लूट-खसोट का खेल चल रहा है।
भ्रष्टाचार इतना अधिक है कि एनडीए विधायक भी चूँ तक नहीं कर सकते। हर घर का नल का जल तो इससे भी बड़ा भ्रष्टाचार है। उसमें राज्य के खजाने से हज़ारों करोड़ की संस्थागत लूट हुई है। मुख्यमंत्री अचेत और खामोश है। बाक़ी मंत्रियों को अच्छे से पता है कि सरकार जाने वाली है इसलिए खुलम-खुला लूट मची है। उपमुख्यमंत्री बेचारे विजय सिन्हा जी को कितना बेबस कर दिया है।





साइन इन