rabri devi advise cm nitish kumar to make his son nishant chief minister of bihar संभल नहीं रहा तो बेटे को मुख्यमंत्री बना दें, राबड़ी देवी की सीएम नीतीश को सलाह, Bihar Hindi News - Hindustan
More

संभल नहीं रहा तो बेटे को मुख्यमंत्री बना दें, राबड़ी देवी की सीएम नीतीश को सलाह

राजद की नेता और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार को एक सलाह दे दी है। बिहार में अपराध के मुद्दे पर राबड़ी देवी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से यह नहीं संभल रहा है इसलिए उन्हें अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए।

Mon, 21 July 2025 01:22 PMNishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
संभल नहीं रहा तो बेटे को मुख्यमंत्री बना दें, राबड़ी देवी की सीएम नीतीश को सलाह

बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी इस मुद्दे पर खुद निशांत या उनके पिता नीतीश कुमार ने अब तक कुछ नहीं कहा है। इस बीच अब राजद की नेता और बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी ने सीएम नीतीश कुमार को एक सलाह दे दी है। बिहार में अपराध के मुद्दे पर राबड़ी देवी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से यह नहीं संभल रहा है इसलिए उन्हें अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना देना चाहिए।

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि अपराध तो बढ़ा हुई है। पूरे बिहार में अपराध बढ़ा हुआ है। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति ठीक नहीं है। नीतीश कुमार से संभल नहीं रहा है। नीतीश कुमार गृहमंत्री भी हैं और मुख्यमंत्री भी हैं लेकिन उनसे संभल नहीं रहा है। इसके बाद जब राबड़ी देवी से पूछा गया कि क्या नीतीश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए? तब इसपर राजद की नेता ने कहा, ‘इस्तीफा दें या ना दें, अपने बेटे को मुख्यमंत्री बना दें। उनसे नहीं संभल रहा है तो बेटा संभालेगा।’

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शादीशुदा महिला से लव मैरिज की सजा, बिहार में दो भाइयों ने तीसरे भाई को मार डाला

बिहार में वोटरों का नाम काटा जा रहा- राबड़ी देवी

वहीं बिहार चुनाव से पहले राज्य में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम पर भी राबड़ी देवी ने अपनी बात रखी है। राबड़ी देवी ने कहा कि वोटरों का नाम काटा जा रहा है और यह गलत हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिसका नाम कट जाएगा क्या वो बिहार का या भारत का नागरिक नहीं है? राबड़ी देवी ने आगे कहा, ‘तीन करोड़ लोग जो बाहर जाते हैं उनका नाम कट गया, ये गलत काम कर रहा है। चुनाव आयोग को समझना चाहिए कि बरसात का दिन है, बाढ़ का दिन है और लोग कमाने के लिए बाहर जाते हैं। हम भारत सरकार और चुनाव आयोग से मांग करते हैं कि बिहार से बाहर जहां-जहां बिहारी हैं उनसभी को बुलाया जाए और फिर उनका वोटर आई कार्ड बनवाया जाए।’

उपेंद्र कुशवाहा ने कही थी यह बात

यहां आपको बता दें कि इससे पहले रविवार को सीएम नीतीश के बेटे निशांत के जन्मदिन के मौके पर रालोमो अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी सीएम नीतीश कुमार को एक सलाह दी थी। उपेंद्र कुशवाहा ने सीएम नीतीश से आग्रह किया था कि अब वो जेडीयू की कमान छोड़ दें। एक्स पर एक पोस्ट करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था, 'मीडिया/सोशल मीडिया से जानकारी मिली है कि आज बड़े भाई आदरणीय नीतीश कुमार जी के सुपुत्र निशांत का जन्मदिन है। खुशी के इस अवसर पर जेडीयू की नई उम्मीद निशांत को जन्म दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं। ईश्वर उसे हमेशा स्वस्थ एवं प्रसन्नचित्त रखें।

इस अवसर पर आदरणीय नीतीश कुमार जी से अति विनम्र आग्रह है कि समय और परिस्थिति की नजाकत को समझते हुए इस सच को स्वीकार करने की कृपा करें कि अब सरकार और पार्टी दोनों का (साथ-साथ) संचालन स्वयं उनके लिए भी उचित नहीं है। सरकार चलाने का उनका लंबा अनुभव है जिसका लाभ राज्य को आगे भी मिलता रहे, यह फिलहाल राज्य हित में अतिआवश्यक है।

परन्तु पार्टी की जवाबदेही के हस्तांतरण (जो वक्त मेरी ही नहीं स्वयं उनकी पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं/नेताओं की राय में अब आ चुका है) के विषय पर समय रहते ठोस फैसला ले लें। यही उनके दल के हित में है। और इसमें विलंब दल के लिए अपूर्णीय नुकसान का कारण बन सकता है। शायद ऐसा नुकसान जिसकी भरपाई कभी हो भी नहीं पाये। (नोट - मैं जो कुछ कह रहा हूं, जदयू के नेता शायद मुख्यमंत्री जी से कह नहीं पाएंगे और कुछ लोग कह भी सकते हों, तो वैसे लोग वहां तक पहुंच ही नहीं पाते होंगे।)'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बेटे के जन्मदिन पर नीतीश को कुशवाहा की सलाह, जदयू का नेतृत्व बदलने का समय

पहले भी राबड़ी देवी ने दी थी नसीहत

इससे पहले इसी साल जब मार्च के महीने में राष्ट्रगान के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हिलने-डुलने को लेकर विवाद हुआ था तब उस वक्त भी राबड़ी देवी ने कुछ ही नसीहत सीएम नीतीश को दी थी। इस मामले को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए राबड़ी देवी ने कहा कि अगर उनका दिमाग काम नहीं कर रहा है तो वो अपने बेटे सीएम बना दें। राबड़ी देवी ने राष्ट्रगान को लेकर विवाद पर कहा था कि यह पूरे देश का अपमान है। उन्होंने सीएम की मानसिक स्थिति ठीक ना होने की बात करते हुए कहा था कि एनडीए चाहे तो नीतीश के बेटे या किसी और को मुख्यमंत्री बना दे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एम्स पटना के छात्र की मौत में लव अफेयर का एंगल, एनेस्थीसिया का ओवरडोज की आशंका
ये भी पढ़ें:तौसीफ ने फोन पर निशु को बताई चंदन को मारने की बात, दिल्ली भागने की थी तैयारी
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।