VIDEO: शाम में आइए, एक-एक चीज बताइए; नीतीश ने डिप्टी सीएम विजय चौधरी को घर बुलाया
जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार सुबह बिहार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। फिर वहां से निकलते समय नीतीश ने विजय को शाम में अपने घर बुलाया। उन्होंने कहा शाम में आइए और एक-एक चीज बताइए।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम विजय चौधरी की बातचीत का एक वीडियो सियासी गलियारे में चर्चा का विषय बन गया है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार गुरुवार सुबह पटना स्थित सम्राट सरकार में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के आवास पर पहुंच गए। दोनों नेताओं के बीच बहुत देर तक बातचीत हुई। फिर नीतीश ने जाते-जाते विजय चौधरी को शाम में अपने आवास बुलाया। जब नीतीश वहां से निकले तो गाड़ी में बैठते समय उन्होंने विजय चौधरी से कहा- शाम में आइए, एक-एक चीज बताइए, क्या हो रहा है और क्या नहीं। वहां मौजूद पत्रकारों ने इस बातचीत को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
इस बातचीत के राजनीतिक हलकों में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने के बाद सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने थे और नई सरकार में जेडीयू कोटे से विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। विजय अभी सरकार में नंबर दो की पॉजिशन पर हैं और जल संसाधन एवं संसदीय कार्य विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
हाल ही में जल संसाधन विभाग के एक कार्यक्रम में मंच पर लगे बैनर में सिर्फ विजय कुमार चौधरी का फोटो था, किसी और का नहीं। इसका मतलब निकालने में भाजपा और जदयू समर्थकों के पसीने छूट रहे हैं। सीएम रहते नीतीश कुमार की यात्रा के दौरान मंच पर भले दोनों डिप्टी सीएम ना भी रहे, लेकिन फोटो दोनों का लगा होता था।
नीतीश और विजय की बातचीत के क्या मायने?
नीतीश कुमार ने विजय चौधरी से एक-एक चीज का हिसाब किस संदर्भ में मांगा है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। सियासत में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। बिहार में अगले महीने विधान परिषद की 10 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं। इनमें से 4 सीटों पर जेडीयू लड़ सकती है, तो संभावित उम्मीदवारों पर पार्टी में मंथन भी चल रहा है।
नीतीश के बेटे एवं सम्राट सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। चर्चा है कि आगामी चुनाव में उन्हें एमएलसी बनाया जा सकता है। जिन 10 सीटों पर 18 जून को मतदान होने वाला है, उनमें से एक सीट नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई थी। उस पर उपचुनाव होगा। निशांत को नीतीश की छोड़ी हुई सीट से विधान परिषद भेजा जाएगा, या किसी दूसरी सीट से एमएलसी बनाया जाएगा, इस पर भी विचार विमर्श चल रहा है।
दूसरी ओर, सम्राट सरकार में नीतीश की पार्टी के पास कई अहम विभाग हैं। नीतीश बतौर पार्टी अध्यक्ष अपने मंत्रियों और विधायकों से फीडबैक लेते रहे हैं। मार्च में जब उन्होंने राज्यसभा जाने का ऐलान किया था, तब उन्होंने जेडीयू कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया था कि वह आगे भी मार्गदर्शन देते रहेंगे।




साइन इन