बिहार विधान परिषद चुनाव का ऐलान, 9 सीटों पर फुल टर्म, नीतीश की सीट पर उप-चुनाव से 4 साल की पारी
Bihar MLC Elections: चुनाव आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की 1 सीट पर उप-चुनाव का ऐलान किया है। 1 जून से नामांकन शुरू होगा, जबकि 18 जून को मतदान और परिणाम आएंगे।

Bihar MLC Elections: भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और 1 सीट पर उप-चुनाव की घोषणा कर दी है। कुल 10 सीटों पर 18 जून को मतदान और उसी शाम परिणाम की घोषणा होगी। बिहार विधानसभा कोटे की इन 10 सीटों में 9 सीट सदस्यों के 6 साल का कार्यकाल खत्म होने की वजह से खाली हो रही है, जबकि 1 सीट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद छोड़ने के कारण उप-चुनाव से भरी जाएगी। नीतीश का कार्यकाल मई 2030 तक था, इसलिए उप-चुनाव से जीतने वाले को 4 सल का ही कार्यकाल मिलेगा, जबकि बाकी 9 एमएलसी 6 साल का टर्म हासिल करेंगे। विधानसभा में विधायकों की संख्या को देखते हुए भाजपा और जदयू के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन 9 सीट निकाल सकती है। विपक्ष को 1 सीट मिल सकती है। 1 जून से 8 जून तक नामांकन और 18 जून को वोटिंग होनी है।
चुनाव आयोग द्वारा मंगलवार को जारी चुनाव कार्यक्रम के बाद राज्य के सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी चुनावी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। विधानसभा कोटे की इन सीटों पर होने वाले चुनाव से बिहार की राजनीति में कई नए समीकरण बनते और बिगड़ते नजर आएंगे। विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के आधार पर चुनाव नतीजे काफी हद तक तय दिख रहे हैं, लेकिन उम्मीदवारों के चयन को लेकर लॉबिंग तेज हो गई है।
नीतीश कुमार की सीट पर उप-चुनाव, सम्राट चौधरी समेत 9 की सीट पर फुल टर्म
जिन नेताओं का कार्यकाल पूरा होने के कारण सीटें खाली हो रही हैं, उनमें कुमुद वर्मा, गुलाम गौस, फारुख, भीष्म साहनी, श्रीभगवान सिंह कुशवाहा, संजय प्रकाश, समीर कुमार सिंह, सम्राट चौधरी और सुनील कुमार सिंह के नाम शामिल हैं। सम्राट चौधरी और भगवान सिंह कुशवाहा एमएलए बन गए थे और तब इस्तीफा दिया था। मंगल पांडेय द्वारा खाली की गई सीट पर उप-चुनाव हो चुका है और भाजपा की तरफ से अरविंद शर्मा सदन पहुंचे हैं। मंगल का कार्यकाल 6 मई 2030 तक था, जबकि सम्राट और भगवान कुशवाहा समेत बाकी 9 का टर्म 28 जून 2026 तक है। नीतीश का टर्म भी 6 मई 2030 तक था, इसलिए उनकी सीट पर उप-चुनाव, जबकि सम्राट, भगवान समेत 9 की सीट पर द्विवार्षिक चुनाव होगा।
1 जून से नामांकन शुरू, 18 को आएंगे नतीजे
निर्वाचन आयोग ने चुनाव और उप-चुनाव दोनों के लिए एक ही कार्यक्रम तय किया है। आयोग के अनुसार, इन सभी सीटों के लिए 1 जून 2026 को अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। अधिसूचना जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। सभी सीटों के लिए मतदान 18 जून को कराया जाएगा। मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद वोटों की गिनती शुरू होगी और उसी दिन देर शाम तक रिजल्ट भी जारी कर दिए जाएंगे।




साइन इन